राजद के पूर्व प्रदेश सचिव शक्ति मलिक की हत्या के बाद वायरल हुआ वीडियो, तेजस्वी पर 50 लाख रुपये मांगने का आरोप

शक्ति का मौत से पहले का एक वीडियो सामने आया है। इसमें शक्ति ने तेजस्वी यादव पर 50 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया

Update: 2020-10-04 10:24 GMT

file photo

जनज्वार। राजद के एससी/एसटी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश सचिव शक्ति मलिक की तीन नकाबपोश बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार की सुबह मलिक पूर्णिया के मुर्गी फार्म रोड़ स्थित अपने आवास पर थे। बदमाश पीछे की दीवार फांद कर घर में घुसे और ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दी। विरोध करने पर पत्नी के साथ मारपीट भी की

परिजनों ने शक्ति की हत्या के पीछे सियासत बता रहे हैं। शक्ति अररिया जिले के रानीगंज (सुरक्षित) सीट से राजद से टिकट के प्रबल दावेदार थे। शक्ति की पत्नी खुशबू और अन्य परिजन ने प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर टिकट के लिए कथित रूप से 50 लाख रुपए मांगने और जातिसूचक शब्द बोलने का आरोप लगाया है। खुशबू ने राजद नेता तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, कालो पासवान, अनिल साधु और सुनीता देवी पर हत्या करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मेरे पति को राजद से निकाल दिया गया। उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने वाले थे।

रानीगंज के एक राजद नेता और टिकट के दावेदार के साथ शक्ति मलिक की अनबन की बात भी सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी विशाल शर्मा, डीएसपी आनंद कुमार पांडे समेत अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। सदर अस्पताल में परिजन से पूछताछ की। पत्नी ने एसपी को बताया कि उनके पति पर एक माह पहले भी रानीगंज (अररिया) में कालो पासवान ने जानलेवा हमला किया था। पति यहां से चुनाव लड़ने वाले थे।

शक्ति का मौत से पहले का एक वीडियो सामने आया है। इसमें शक्ति ने तेजस्वी यादव पर 50 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया। इसके साथ शक्ति ने कहा कि तेजस्वी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। वीडियो में शक्ति आरोप लगा रहे हैं कि तेजस्वी ने उनसे 50 लाख रुपए चंदा मांगा। एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार साधु मुझे तेजस्वी के पास ले गए थे।

डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही है। टिकट के लिए पैसा मांगने के आरोप के संबंध में डीएसपी ने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करेगी। बिहार में जब से विधानसभा चुनाव का ऐलान हुआ तब से हत्या की यह कोई पहली बड़ी वारदात नहीं है। कुछ दिनों पहले भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष राजेश कुमार झा उर्फ राजा बाबू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। राजेश कुमार झा की हत्या पटना में हुई थी।

Tags:    

Similar News