सरकार बनी तो चार उपमुख्यमंत्री बनाएंगे उपेंद्र कुशवाहा, चार अन्य दलों के साथ ही है उनका गठबंधन

नेतागण धुंआधार प्रचार कर रहे हैं और यहां भी वोटरों को लुभाने और अपने पाले में करने की तमाम कोशिशें की जा रहीं है, इसी कड़ी में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने आज यह घोषणा की है....

Update: 2020-10-26 09:43 GMT

File photo

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार चुनावों के लिए पहले चरण का मतदान 28 अक्टूबर को होगा। आज पहले चरण के चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। इस बीच राजनीतिक दलों के घोषणा पत्र जारी किए जा चुके हैं।

नेतागण धुंआधार प्रचार कर रहे हैं और यहां भी वोटरों को लुभाने और अपने पाले में करने की तमाम कोशिशें की जा रहीं हैं। तरह-तरह के वादे किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने आज एक बड़ी घोषणा की है।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि अगर राज्य में उनके गठबंधन की सरकार बनती है तो वे चार उपमुख्यमंत्री बनाएंगे। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जो चार उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे, वे सभी विभिन्न समाज से होंगे और चार उपमुख्यमंत्री में एक महिला भी शामिल होंगी।

दरअसल उपेंद्र कुशवाहा ने चार अन्य दलों के साथ मिलकर एक गठबंधन बनाया है। इस गठबंधन में असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम, मायावती की बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी दल डेमोक्रेटिक, जनतांत्रिक पार्टी सोशलिस्ट और रालोसपा शामिल हैं। गठबंधन को ग्रैंड डेमोक्रेटिक सेक्युलर फ्रंट नाम दिया गया है।

रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को इस गठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया गया है। कुशवाहा ने आज अपने गठबंधन से अलग वाले शेष सभी दलों और गठबंधनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास से किसी को मतलब नहीं है। सब कुर्सी के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।

रालोसपा प्रमुख ने तेजस्वी यादव के महंगाई के मुद्दे पर कही गई प्याज की माला वाली बात को लेकर उन्हीं हमला बोल दिया। उन्होंने कहा कि प्याज की माला पहनाइए या फिर कुछ और की, पर अब आपकी दाल नहीं गलने वाली है। कुशवाहा यहीं नहीं रुके, बल्कि उन्होंने चिराग पासवान पर भी हमला बोला।

कुशवाहा ने कहा कि चिराग पासवान सात निश्चय मामले की जांच कराने और घोटालेबाजों को जेल भेजने की बात कर रहे हैं। लेकिन जनता अब जान चुकी है कि कौन घोटाला करता है।

Tags:    

Similar News