नीतीश कुमार अभी मोदी के सामने और 10 तारीख के बाद तेजस्वी-लालू के सामने नतमस्तक होंगे : चिराग पासवान

चिराग पासावान ने आरोप लगाया है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनने के लिए 10 नवंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद एक बार फिर लालू प्रसाद यादव से समझौता कर सकते हैं...

Update: 2020-11-05 05:40 GMT

जनज्वार। लोक जन शक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा है कि जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने नतमस्तक हो रहे हैं और 10 तारीख के बाद वे तेजस्वी यादव के सामने नतमस्तक होंगे। चिराग पासवान ने कहा कि जिस प्रधानमंत्री को नीतीश कुमार कोसते नहीं थक रहे थे आज उनके साथ मंच पर नतमस्तक होते नहीं थक रहे हैं।

यह उनका कुर्सी के प्रति प्रेम और लालच दिखाता है। चिराग पासवान ने कहा कि 10 तारीख को मतगणना के बाद वे तेजस्वी यादव के सामने नतमस्तक होंगे। चिराग पासावान ने कहा कि नीतीश कुमार सबसे कमजोर व भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि आप न अपने कार्याें को केंद्र सरकार से करवा पा रहे हैं और न ही अपनी समस्या का हल राज्य में कर पा रहे हैं और हर चीज का एक्सक्यूज आपके पास होता है कि यह तो केंद्र सरकार देखेगी, यह चुनाव आयोग देखेगा। फिर यह कहते हैं कि यह मामला राज्यपाल देखेंगे। अगर सभी चीजें दूसरे लोगे देखेंगे तो आप 15 साल से कुर्सी से चिपके हुए क्यों हैं।


चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ मंच पर हाथ जोड़ कर नतमस्तक होते नीतीश कुमार नहीं थकते उनका आशीर्वाद लेने के लिए। चिराग ने कहा कि कुर्सी का मुख्यमंत्री को इतना लालच है कि अतीत की सारी बातों को भूल कर वे उनके सामने नतमस्तक हैं और 10 नवंबर को बाद वे तेजस्वी यादव के सामने नतमस्तक हो जाएंगे।

चिराग पासवान ने कहा कि ये 10 तारीख के बाद लालू यादव के सामने नतमस्तक होने के लिए रांची जाएंगे, क्योंकि इन्हें तब ये पता चल जाएगा कि ये एनडीए से मुख्यमंत्री बनने नहीं जा रहे हैं। चिराग पासवान ने कहा कि वे मुख्यमंत्री बनने के लिए भागे-भागे रांची जाएंगे और हाथ जोड़ कर लालू यादव के सामने नतमस्तक होंगे।

चिराग पासवान ने कहा कि जदयू को एक भी वोट देना वोट की बर्बादी है, क्योंकि चुनाव के बाद राज्य में भाजपा-लोजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने हालांकि मुख्यमंत्री पद के सवाल से पल्ला झाड़ लिया है।

Tags:    

Similar News