रालोसपा-बसपा ने किया है गठजोड़, पर रालोसपा के बाद अब बसपा के प्रदेश अध्यक्ष ने भी थाम लिया राजद का दामन

किंतु इस तालमेल के साथ ही दोनों दलों को करारा झटका भी लग गया है, चूंकि दोनों दलों के प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी पार्टी छोड़कर राजद का दामन थाम लिया है....

Update: 2020-10-03 08:43 GMT

रालोसपा के बाद अब बसपा के प्रदेश अध्यक्ष ने भी राजद का दामन थाम लिया है।

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार में चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक गतिविधियां पल-पल बदल रहीं हैं। अभी कुछ दिन पहले तक राष्ट्रीय लोक समता पार्टी महागठबंधन का हिस्सा हुआ करती थी, पर अब वह महागठबंधन छोड़ चुकी है और उसने बहुजन समाज पार्टी यानि बसपा के साथ तालमेल कर लिया है।

किंतु इस तालमेल के साथ ही दोनों दलों को करारा झटका भी लग गया है, चूंकि दोनों दलों के प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी पार्टी छोड़कर राजद का दामन थाम लिया है।

रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सांसद भूदेव चौधरी ने तो पिछले सप्ताह ही राजद का दामन थाम लिया था और आज बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भरत बिंद ने भी राजद का दामन थाम लिया है। इससे ऐन चुनावों के वक्त दोनों ही दलों को तगड़ा झटका लगा है।

उल्लेखनीय है कि रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मनमाफिक सीट नहीं मिलने को लेकर महागठबंधन का सीएम कैंडिडेट बदलने की बात कहते हुए किनारा कर लिया था। इसके बाद उन्होंने एनडीए में शामिल होने की कवायद भी की, पर वहां भी बात नहीं बनी। कहा जाता है कि एनडीए में उन्हें उतनी सीटें भी नहीं दी जा रहीं थीं, जितनी महागठबंधन में मिल रहीं थीं। लिहाजा वहां भी तालमेल नहीं हो पाया।

फिर उन्होंने बसपा के साथ तालमेल कर लिया। इस तालमेल के बाद रालोसपा ने 153 और बसपा ने 90 सीटों पर प्रत्याशी देने की घोषणा भी कर दी थी। इसी बीच दोनों दलों के प्रदेश अध्यक्ष ने लालटेन थाम लिया है।

Tags:    

Similar News