Uttarakhand Election | मामूली दूध बेचने वाला मदन कौशिक कैसे बना करोड़ों का मालिक: संजय गुप्ता

Uttarakhand Election | उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी में उठा भितरघात का तूफान शान्त होने की जगह बढ़ता जा रहा है।

Update: 2022-02-16 14:25 GMT

Uttarakhand Election | उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी में उठा भितरघात का तूफान शान्त होने की जगह बढ़ता जा रहा है। भाजपा के लक्सर विधायक व लक्सर विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे संजय गुप्ता ने लगातार दूसरे दिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर अपना हमला बदस्तूर जारी रखा है। दूसरी तरफ अपने ही प्रत्याशियों के इन गंभीर आरोपों से असहज भाजपा आलाकमान ने पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) से मामले में जानकारी मांग ली है। मदन कौशिक से इस मामले में बकायदा स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

हरिद्वार जिले की लक्सर विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक व पार्टी प्रत्याशी ने मदन कौशिक को जिस हांडी में खाता है, उसी में छेद करने वाला बताते हुए पार्टी से बाहर निकालने की मांग की है। गुप्ता ने मदन की संपत्ति और आय के स्रोतों पर भी उंगली उठाई है। इससे पहले चुनाव के दिन लक्सर भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता ने प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर गद्दारी का आरोप लगाया था। जिसके बाद कई प्रत्याशियों ने पार्टी की भितरघात का भंडाफोड़ किया था।

अब एक बार फिर संजय गुप्ता ने मदन कौशिक पर आरोप लगाते हुए कहा कि मैंने देखा है कि मदन कौशिक ने बसपा प्रत्याशी शहजाद हुसैन से अपनी दोस्ती निभाई है। उन्होंने कहा मदन कौशिक ने मंगलौर में इसी दोस्ती के चलते स्लॉटर हाउस की अनुमति दी थी। मदन कौशिक को एक मामूली दूध बेचने वाला आदमी बताते हुए गुप्ता ने कहा कि आज हजारों करोड़ों की संपत्ति उसके पास है। इमली खेड़ा में भी इसका सैकड़ों बीघा में कॉलेज बन रहा है। यह पैसा कहाँ से आया, जनता को इसका जवाब मांगना चाहिए।

पहले दिन संजय गुप्ता के बयान को हल्के में लेने वाली भारतीय जनता पार्टी अब भितरघात के चौतरफा आरोपों से सहम गई है। भितरघात के आरोपों के तूल पकड़ने के बाद यह मामला अब गम्भीर रूप लेता नजर आ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद भाजपा आलाकमान ने भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार से इस पूरे मामले से संबंधित रिपोर्ट मांगी है। साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से इन सभी आरोपों के संबंध में स्पष्टीकरण भी मांगा है।

Tags:    

Similar News