मुख्यमंत्री योगी बोले बुलंदशहर में हुई मात्र एक दुर्घटना, कोई मॉब लिंचिंग नहीं

Update: 2018-12-07 12:44 GMT

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में उपद्रवी भीड़ के हाथों मारे गए इंस्पेक्टर और एक अन्य की हत्या को मॉब लिंचिंग की घटना मानने से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया इंकार

जनज्वार। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पिछले दिनों बुलंदशहर में हिंदुवादी संगठनों द्वारा गौहत्या के नाम पर भड़काई गई उपद्रवी भीड़ के हाथों इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और एक अन्य की हत्या कर दी गई थी। शुद्ध तौर पर मॉब लिंचिंग की इस घटना को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मॉब लिंचिंग मानने से साफ इंकार कर दिया है।

संबंधित खबर : बुलंदशहर में उप​द्रवियों के हाथों मारे गए इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह

बुलंदशहर हिंसा में पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की हत्या पर आज 7 दिसंबर को चुप्पी तोड़ते हुए योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर हिंसा की घटना को महज एक दुर्घटना ठहराया। जबकि यह साफ हो चुका है कि बुलंदशहर में कथित गोकशी के नाम पर हिंदुवादी संगठनों द्वारा भड़काई गई भीड़ की हिंसा में पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और एक आम युवक सुमित का कत्ल कर दिया गया था।

हिंदी समाचार पत्र दैनिक जागरण के एक कार्यक्रम जागरण फोरम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश में कोई मॉब लिंचिंग नहीं है, बुलंदशहर की घटना एक दुर्घटना है।' हालांकि इससे पहले योगी आदित्यनाथ गौगुंडों के हाथों मारे गए इंस्पेक्टर सुबोध सिंह के परिवार से मुलाकात कर उन्हें उचित न्याय दिलाने का भरोसा दिला चुके हैं। सवाल है कि जब मुख्यमंत्री महोदय इसे मॉब लिंचिंग मानते ही नहीं तो हत्यारों को सजा किस आधार पर दिलाएंगे और किस बिना पर न्याय दिलाएंगे।

संबंधित खबर : बुलंदशहर इंस्पेक्टर हत्याकांड का मुख्य आरोपी बजरंग दल का नेता



गौरतलब है कि हिंदूवादी संगठनों ने 3 दिसंबर केा बुलंदशहर में गोहत्या का आरोप लगा महाव गांव की सड़कें जाम कर दी थीं जाम, जिसके बाद भारी बवाल और सांप्रदायिक दंगा फैलने की आशंका जताई जा रही थी। इसी को शांत करने के लिए इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह गए हुए थे।

पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या मामले का मुख्य आरोपी बजरंग दल नेता योगेश राज है। हिंदुवादी संगठन बजरंग दल का नेता योगेश राज बुलंदशहर की कथित गौकशी मामले का शिक़ायतकर्ता भी है। योगेश राज बजरंग दल का जिला संयोजक है।

Tags:    

Similar News