तंत्र-मंत्र पर भरोसा करने वाली 120 महिलाओं का किया पुजारी ने बलात्कार, बनाया वीडियो

Update: 2018-07-21 05:39 GMT

समाज में तंत्र-मंत्र की स्वीकार्यता इस कदर है कि जिस हरियाणा में लड़का-लड़की बिना खौफ साथ-साथ नहीं घूम सकते, उस राज्य के एक छोटे से कस्बे में सालोंसाल पुजारी 100 से भी ज्यादा महिलाओं का बलात्कार कर उन्हें ब्लैकमेल करता रहा और कहीं कोई सुगबुहगाहट नहीं हुई...

जनज्वार, टोहाना। अगर एक सर्वे किया जाए तो भारत में धर्म के नाम पर सबसे ज्यादा दुष्कर्मों की पुष्टि होगी, बावजूद इसके हमारा अंधविश्वासी देश आंख मूंदकर बैठा हुआ है। हर रोज अखबार धर्म और तंत्र—मंत्र, भूत—प्रेतबाधा का सहारा ले महिलाओं का बलात्कार किए जाने की खबरों से पटे रहते हैं, बावजूद इसके अंधविश्वास इस हद तक जड़ें जमाकर बैठा है कि कुछ दिखाई—सुनाई नहीं देता।

करोड़ों—करोड़ लोगों के बीच बाबा, स्वामी जैसी आदर्श उपाधियों से नवाजे गए धर्म के कई ठेकेदार बाबाओं आसाराम, राम रहीम समेत न जाने कितन बलात्कारी बाबाओं का चेहरा बेनकाब हो चुका है, मगर हम हैं कि सुधरने को तैयार नहीं हैं। ढोंगी तांत्रिक भी महिलाओं को ही सबसे कमजोर और निरीह शिकार भांपकर उन्हीं पर अपना पासा फेंकते हैं और फिर शुरुआत करते हैं एक अनवरत शोषण की। देखा जाए तो इन ढोंगियों के धंधे को चार चांद लगाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, जो पहले तो इनकी बातों में फंसती हैं और फिर इनकी ब्लैकमेलिंग में।

हालिया मामला हरियाणा के फतेहाबाद जनपद स्थित के टोहाना का है, जहां सु्प्रसिद्ध बाबा बालकनाथ मंदिर के पुजारी 60 वर्षीय अमरपुरी उर्फ बिल्लू द्वारा 120 महिलाओं का बलात्कार करने का खुलासा हुआ है।

इसकी पुष्टि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो से हुई है, जिसमें यह ढोंगी तांत्रिक महिलाओं का बलात्कार करता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने सख्ती बरतते हुए बिल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया।

जब पुलिस ने उसे ढोंगी—बलात्कारी तांत्रिक को गिरफ्तार किया तब तक सिर्फ कुछ महिलाओं को बेहोश कर बलात्कार करने की पुष्टि हुई थी। मगर जब ढोंगी पुजारी अमरपुरी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कमरे और मंदिर की छानबीन की तो पुलिस भी हैरान हो गई। पुलिस को मंदिर के पुजारी द्वारा वहां 120 महिलाओं के साथ बेहोश कर बलात्कार किए जाने के वीडियो मिले।

शुरुआती जांच में अमरपुरी उर्फ बिल्लू ने पुलिस के सामने कबूला कि वह प्रेतबाधा और तंत्र—मंत्र के नाम पर महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। तंत्र—मंत्र और भूत—प्रेत भगाने के नाम पर वह जो पूजा आयोजित करता उसी दौरान महिला को प्रसाद के नाम पर किसी चीज में मिलाकर नशीली दवाएं दे देता, जिससे वो बेहोश हो जातीं। इसके बाद बिल्लू उनका बलात्कार कर अश्लील वीडियो बना लेता और बलत्कृत महिलाओं को ब्लैकमेल कर उनसे मोटी रकम वसूलता था।

न सिर्फ पैसे वसूलता, बल्कि वीडियो के नाम पर हर रोज उन महिलाओं को अपने पास बुलाता और डरा—धमकाकर संबंध बनाने को मजबूर करता। महिलाएं भी वीडियो वायरल न हो इस डर से बाबा के इशारों पर नाचने को मजबूर थीं।

बिल्लू पता नहीं और कितनी 120 महिलाओं को अपने जाल में फंसाता अगर उसका एक वीडियो वायरल न हुआ होता, जिसमें वह महिलाओं के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होते ही प्रशासन ने तुरत—फुरत बलात्कारी बाबा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक ढोंगी तांत्रिक के इस कुकृत्य की जानकारी जैसे ही डीएसपी जोगेंद्र शर्मा को मिली उन्होंने 19 जुलाई को सीआईए, महिला थाना और शहर पुलिस थाना की तीन टीमों का गठन करके अमरपुरी उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

अमरपुरी उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार कर उस पर रेप, आईटी ऐक्ट, ब्लैकमेलिंग समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर ​लिया गया है। जांच में ही पुलिस को अमरपुरी के पास से 120 वीडियो मिले, जिसमें वह महिलाओं का बेहोशी की हालत में बलात्कार करता नजर आ रहा है। साथ ही पुजारी के कमरे से नशीली गोलियां और तंत्र-मंत्र का सामान भी बरामद किया गया है।

Tags:    

Similar News