तेलंगाना की महिला डॉक्टर प्रियंका रेड्डी की बेरहमी से जलाकर हत्या, बुरी तरह जली लाश पुल के नीचे से हुई बरामद

Update: 2019-11-28 19:31 GMT

28 नवंबर की तड़के एक महिला का बुरी तरह जलायी गयी लाश पुल के पास बरामद हुई। उसकी उम्र 20 से 25 के बीच है। गायब हुई डॉक्टर प्रियंका रेड्डी के पिता श्रीधर रेड्डी ने बुरी तरह जली हुई लाश की पहचान अपनी गायब हुई बेटी के तौर पर कर ली है....

जनज्वार। तेलंगाना में एक महिला डॉक्टर को ज़िंदा जलाने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक रंगा रेड्डी ज़िले के शादनगर मंडल के चतनपल्ली पुल के नीचे से पुलिस ने 28 नवंबर की तड़के एक नौजवान महिला की लाश बुरी तरह जली हुई हालत में बरामद की।

बाद में पुलिस ने जली हुई लाश की पहचान वेटरनरी डॉक्टर प्रियंका रेड्डी के तौर पर की। महबूबनगर ज़िला के नवाब पेट मंडल के कलोर गांव में प्रियंका बतौर वेटरनरी डॉक्टर नौकरी करती थी।

शंका जतायी जा रही है कि उनके साथ दुष्कर्म करने के बाद गुनाह छिपाने के लिए अपराधियों ने प्रियंका को जलाया होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, हम मामले की जांच कर रहे हैं। सामूहिक बलात्कार के बाद प्रियंका को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की बात उनके परिजन कह रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक बुधवार 27 नवंबर को प्रियंका रेड्डी शादनगर के अपने घर से कोल्लूरू गांव में एक पशु चिकित्सालय में अपने ड्यूटी के लिए घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी। प्रियंका ने बुधवार को अपनी बहन को फोन करके बताया था कि उसकी स्कूटी घर लौटने के दौरान खराब हो गयी है, और वह बहुत बुरी तरह से डरी हुई है।

ब प्रियंका के परिवार ने बाद में उसका फोन मिलाया तो फोन स्वीच आफ था। इस मामले की रिपोर्ट उसी रात उसके परिवार ने पुलिस ने दर्ज करायी थी।

पुलिस के मुताबिक हमें 28 नवंबर की तड़के एक महिला का बुरी तरह जलायी गयी लाश पुल के पास बरामद हुई। उसकी उम्र 20 से 25 के बीच है। गायब हुई डॉक्टर प्रियंका रेड्डी के पिता श्रीधर रेड्डी ने बुरी तरह जली हुई लाश की पहचान अपनी गायब हुई बेटी के तौर पर कर ली है।

पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान ही हमें यह जानकारी मिली कि 27 नवंबर की रात 9.30 बजे से एक वेटरनरी डॉक्टर प्रियंका रेड्डी लापता थी, और उनके गायब होने की सूचना उनकी बहिन द्वारा थाने में करायी गयी थी।

स मामले में शमशाबाद के पुलिस डीसीपी प्रकाश रेड्डी ने मीडिया से कहा कि पुल के नीचे मिला शव प्रियंका रेड्डी का ही है। उनकी बहन के साथ आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, उसकी रिकॉर्डिंग हमने सुनी है। उस रिकॉर्डिंग से पता चला है कि उनकी स्कूटी का टायर पंचर हो गया था। वहां कुछ ट्रक ड्राइवर्स खड़े थे और वे उनकी स्कूटी का पंचर बनवाने के लिए ले गए। हमें शक है कि उन लोगों ने ही प्रियंका के साथ कुछ किया होगा। हम मामले की तहकीकात कर रहे हैं।

पुलिस डीसीपी के मुताबिक, 'जब प्रियंका की बहन ने दोबारा उसे फोन किया तो फोन स्विच बंद था। उसके बाद उसने रात को करीब 3 बजे शमशाबाद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। हमने प्रियंका को इतनी नृशंसता से जलाने वाले आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया है और जल्द ही हत्यारोपी पकड़ लिये जायेंगे और इस बात का खुलासा हो जायेगा कि आखिर इतनी निर्दयता से प्रियंका को क्यों जला दिया गया।

Tags:    

Similar News