प्रेमी की शादी से खफा प्रेमिका ने दुल्हन के बाल काटे, आंखों में डाल दिया फेवीक्विक

प्रेमिका नई नवेली दुल्हन के कमरे में पहुंची, दुल्हन वहां सो रही थी, प्रेमिका ने दुल्हन के बाल कई जगह से कतर दिए, इससे भी जी नहीं भरा तो उसने दुल्हन की आंखों में फेवीक्विक उड़ेल दिया...

Update: 2020-12-02 11:04 GMT

प्रतीकात्मक तस्वीर

जनज्वार ब्यूरो, पटना। प्रेमी की दूसरी लड़की के साथ शादी से नाराज प्रेमिका का कहर दुल्हन पर टूट पड़ा।  प्रेमिका ने न सिर्फ दुल्हन के बाल काट दिए, बल्कि उसकी आँखों में फेवीक्विक डाल दिया। बुरी तरह से छटपटा रही दुल्हन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं प्रेमी के घरवालों ने प्रेमिका को पकड़कर जमकर धुन दिया।

घटना बिहार के नालंदा जिला के भागन बिगहा थाना क्षेत्र के मोरा तालाब गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार इस गांव के निवासी गोपाल दास की शादी कल 1 दिसंबर को हुई थी। शादी के बाद दुल्हन को लेकर बाराती और परिजन घर लौटे। घर आने के बाद लगातार जगने के कारण थके हारे होने के कारण सभी सो गए।

बताया जाता है कि गांव की ही एक युवती के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। गोपाल की दूसरी जगह शादी होने के कारण वह युवती काफी खफा थी। परिजनों का कहना है कि युवती उनके घर पहुंच गई। गांव की होने के कारण उसे किसी ने रोका टोका भी नहीं।

प्रेमिका सीधे नई नवेली दुल्हन के कमरे में पहुंची। दुल्हन वहां सो रही थी। प्रेमी की शादी से गुस्साई प्रेमिका ने दुल्हन के बाल कई जगह से कतर दिए। उसका इससे भी जी नहीं भरा तो उसने दुल्हन की आंखों में फेवीक्विक उड़ेल दिया।

इसके बाद दुल्हन की नींद खुली और वह दर्द से बुरी तरह चिल्लाने और छटपटाने लगी। फेवीक्विक डालने के कारण उसकी आंख भी नहीं खुल पा रही थी। दुल्हन के चिल्लाने की आवाज सुनकर घरवाले दौड़े और अंदर का दॄश्य देखकर हक्के बक्के रह गए।

घरवालों ने युवती को पकड़ लिया और खूब धुनाई कर दी। इससे वह भी घायल हो गई है। हल्ला गुल्ला सुनकर गांव वाले भी आए और दुल्हन को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपित प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।


Tags:    

Similar News