Badaun News : बदायूं के नेकपुर बालिका शेल्टर होम से दो किशोरियां लापता, ड्यूटी पर तैनात 4 कर्मियों को नहीं कोई खबर

Badaun News : दोनों किशोरियों के लापता होने के दौरान बालगृह में 4 कर्मचारी मौजूद थे। उनमें एक चौकीदार, दो रसोइया और एक हाउस मदर ड्यूटी पर थी। दोनों लड़कियों के लापता होने के संबंध में चौकीदार समेत सभी कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं...

Update: 2022-08-27 09:11 GMT

 बदायूं के नेकपुर बालिका शेल्टर होम से दो किशोरियां लापता, ड्यूटी पर तैनात 4 कर्मियों को नहीं कोई खबर

Badaun crime news : यूपी के बदायूं बालगृह (बालिका) से दो किशोरियां लापता हो गई। शुक्रवार 26 अगस्त को कर्मचारी को मामले की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। सूचना पर जिलाधिकारी दीपा रंजन और एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने पहुंच कर मामले की जानकारी की। जो चार कर्मचारी उस दौरान ड्यूटी पर तैनात थे, उनसे भी जानकारी ली गयी। किशोरियों का लापता होना संदिग्ध बना हुआ है। सभी बिंदुओं के जांच के लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है, जो अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। वहीं शासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए रिपोर्ट मांगी है। किशोरियों की तलाश में सिविल लाइंस पुलिस को लगाया गया है।

गौरतलब है कि बदायूं शहर के नेकपुर मोहल्ले में बालगृह स्थित है, जहां से दो किशोरियां गुरुवार 25 अगस्त की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। घटना की रात 4 कर्मचारी ड़यूटी पर तैनात थे। डीएम दीपा रंजन और एसएसपी डाॅ. ओपी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इस संबंध में शासन स्तर से रिपोर्ट मांगी गई है।

जानकारी के मुताबिक सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नेकपुर मोहल्ले में महिला कल्याण विभाग लखनऊ द्वारा स्थापित बालगृह बना हुआ है। इसमें पांच साल से लेकर 17 साल आयु तक की 25 बालिकाएं और किशोरियां रहती हैं। बताया जा रहा है कि उनमें शहर निवासी करीब 13 वर्ष और कादरचौक निवासी 16 वर्ष की किशोरी भी शामिल थीं। उन्हें बहला फुसलाकर ले बाल सुधारगृह से ले जाने का आरोप था, लेकिन जब ये बच्चियां बरामद हुयीं तो उनके परिवार वालों ने उन्हें घर में रखने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक किशोरी को 6 अगस्त को नेकपुर मोहल्ले के बालगृह में शिफ्ट कर दिया था और दूसरी किशोरी उससे पहले ही वहां लाई गई थी। तब से दोनों किशोरियां बालगृह में रह रही थीं।

25 अगस्त की रात बालगृह की ड्यूटी कर रहे एक कर्मचारी ने अधिकारियों को बताया कि उसने रात करीब एक बजे किशोरी को शौचालय की ओर जाते देखा था। इसके बाद उन पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

बालगृह की वार्डन मीना सिंह कहती हैं, शुक्रवार 26 अगस्त को इस बारे में उन्हें पता चला तो उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी थी। मामले की जांच सिविल लाइंस पुलिस कर रही है। उन्होनें कहा कि दोनों किशोरियों के बंदीगृह में रहने की वजहों की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है।

बालगृह के जिन कमरों में लापता किशोरियां रहती थीं, उन कमरों का डीएम दीपा रंजन, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार समेत कई अधिकरियों ने वहां का ब्यौरा लिया और मामले की जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि दोनों किशोरियां बालगृह से दूसरी मंजिल की खिड़की से होकर निकली हैं। एसएसपी ने सिविल लाइंस इंस्पेक्टर राजेश कुमार को उनके तलाश के आदेश दिए हैं।

डीएम ने जांच कमेटी गठित की

डीएम दीपा रंजन ने बताया कि बालगृह से लापता हुई किशोरियों के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गयी है, इसके लिए डीआरओ महिपाल सिंह और डीपीआरओ श्रेया मिश्रा को नामित किया गया है। पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है।

बालगृह में मौजूद थे चार कर्मचारी

दोनों किशोरियों के लापता होने के दौरान बालगृह में 4 कर्मचारी मौजूद थे। उनमें एक चौकीदार, दो रसोइया और एक हाउस मदर ड्यूटी पर थी। दोनों लड़कियों के लापता होने के संबंध में चौकीदार समेत सभी कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

जानकारी जुटाने जेल पहुंची पुलिस

इस मामले की जांच कर रहे सिविल लाइंस इंस्पेक्टर राजेश कुमार खुलासे के लिए जिला कारागार पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों लड़कियां जिन लड़कों के साथ गईं थीं, थाना पुलिस उन्हें जेल भेज चुकी थी। इस समय दोनों लड़के जेल में हैं या उनकी जमानत हो चुकी है, पुलिस ने इस संबंध में जानकारी जुटाई है। पुलिस लड़कियों के जान पहचान के युवकों से बयान लेने की बात कही है।

ड्यूटी में लगे चार कर्मचारियों की जांच शुरू

जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार ने बताया बालगृह ;बालिकाद्ध से 25 अगस्त की रात जो दो किशोरियां लापता हुईं हैं, वे स्वयं गईं हैं या उन्हें भगाया गया है, इसकी जांच पुलिस कर रही है। इसमें कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं। इसकी जांच के लिए कमेटी भी गठित हुई है। जांच के बाद पता चलेगा कि किसकी लापरवाही रही।

एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया सिविल लाइंस इंस्पेक्टर को बालगृह के आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और दोनों लड़कियों की तलाश में लगाया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी है, उस पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। वहीं बालगृह से लापता हुई किशोरियों के मामले को शासन ने संज्ञान में लेकर जिले के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।

Tags:    

Similar News