दलित से शादी करने वाली ब्राह्मण युवती ने पुलिस प्रशासन पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, चंद्रशेखर बोले बहन भीम आर्मी करेगी आपकी सुरक्षा

शिवा ने ट्वीट कर लिखा कि हम अपने शादी की सूचना पुलिस प्रशासन को दे चुके हैं पर फिर भी हमें प्रताड़ित किया जा रहा। भविष्य में अगर हमें अथवा मेरे ससुराल वालों की साथ कुछ अनहोनी होती है तो इसका जिम्मेदार पुलिस प्रशासन होगा....

Update: 2021-05-26 11:40 GMT

जनज्वार डेस्क। उत्तर प्रदेश के इटावा के थाना बकेवर के एक ब्राह्मण समुदाय की युवती ने दावा किया है कि उसने अंतर्जातीय विवाह किया है जिसके चलते पुलिस प्रशासन के द्वारा उसे परेशान किया जा रहा है। युवती का कहना है कि अगर उनके साथ या ससुराल वालों के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा।

युवती ने एडीजी जोन कानपुर को टैग करते हुए लिखा- सर, पुलिस ने उल्टा मेरे पति पर अभियोग दर्ज किया है। यह कैसा न्याय है? क्या एक लड़की को क्या अपने पसंद का जीवनसाथी चुनने का हक नहीं? पुलिस हमें परेशान कर रही है। मदद करें प्लीज।

शिवा त्रिपाणी नाम की युवती ने भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को टैग करते हुए एक ट्वीट में लिखा- ''मैं शिवा त्रिपाठी, इटावा (थाना- बकेवर) की रहने वाली और मैंने औरैया जिले के एक SC लड़के से शादी की है। मैं ब्राह्मण हूं और मेरे पति SC, चमार। हम दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी किए हैं पर पुलिस प्रशासन द्वारा बार बार हमें परेशान किया जा रहा है।''

शिवा ने आगे लिखा- ''हम अपने शादी की सूचना पुलिस प्रशासन को दे चुके हैं पर फिर भी हमें प्रताड़ित किया जा रहा। भविष्य में अगर हमें अथवा मेरे ससुराल वालों की साथ कुछ अनहोनी होती है तो इसका जिम्मेदार पुलिस प्रशासन होगा।''

वहीं भीम आर्मी प्रमुख ने शिवा के ट्वीट के जवाब में लिखा- ''अंतरजातीय विवाह करने पर दंपति को पुरस्कार देने के बजाए सरकार उन पर FIR दर्ज कर रही है। एक बालिग लड़की देश का प्रधानमंत्री चुन सकती है तो अपना जीवनसाथी क्यों नहीं? बहन आप डरो नहीं। हम आपके साथ हैं। मेरा DM खुला है। आप अपना नम्बर दीजिए। आपकी सुरक्षा अब भीम आर्मी करेगी। जय भीम।''

इस मामले पर इटावा पुलिस ने ट्वीट कर लिखा- प्रकरण के संबंध में थाना बकेवर पर अभियोग पंजीकृत हैं एवं विवेचना प्रचलित है।

एक दूसरे ट्वीट में पुलिस ने लिखा- प्रकरण के संबंध में थाना बकेवर पर अभियोग पंजीकृत है एवं आवेदिका को 164 सीआरपीसी के बयान हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष पेश होने हेतु अवगत कराया गया है। 

वहीं इस अंतर्जातीय विवाह के समर्थन में सोशल मीडिया पर कई लोग आगे आए हैं। आजाद समाज पार्टी के प्रवक्ता सूरज कुमार बौद्ध ने ट्वीट कर लिखा- ब्राह्मण लड़की और दलित लड़का अपने पसंद की शादी किए हैं। पुलिस प्रशासन को सूचना देने के बावजूद पुलिस ने लड़के पर अपहरण का एफआईआर दर्ज कर दिया। मनपसंद अंतरजातीय विवाह से पुलिस को दिक्कत क्यों? यूपी पुलिस के लिए यह शर्म की बात है। इस दंपति की सुरक्षा अब भीम आर्मी करेगी।

सुभाष गौतम नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं- ''संविधान सभी बालिग देशवासियों को अपने मर्जी के हिसाब से जीवनसाथी चुनने का अधिकार देता है। इस बहन को वो अधिकार नहीं दिया जा रहा है। जो बहन को मिलना चाहिए।''


Tags:    

Similar News