Chandil News : जमीन की लूट का आरोप लगाते हुए फूंका विधायक का पुतला, झारखंड संघर्ष मोर्चा के अनूप महतो समेत 6 हिरासत में

Chandil News : विधायक के खिलाफ पुतला फूंककर प्रदर्शन कर रहे अनूप महतो समेत छह आंदोलनकारियों को हिरासत में लिया गया है...

Update: 2022-02-12 14:46 GMT

(आदिवासियों ने फूंका विधायक सविता महतो का पुतला, हिरासत में गए 6 आंदोलनकारी)

Chandil News : झारखंड जन संघर्ष मोर्चा के संयोजक व संयुक्त ग्राम सभा मंच के नेता अनूप महतो (Anup Mahato), सत्यम समेत छह आंदोलनकारियों को हिरासत लिए जाने की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक उन्हें सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत कपाली ओपी की पुलिस ने हिरासत में लिया है औऱ अभी चांडिल थाना ले जाया जा रहा है। अनूप महतो ने अपने फेसबुक पोस्ट में खुद हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- इचागढ़ विधायक सविता महतो का पुतला जलाने पर अभी-अभी थाने उठा लिया है।

बताया जा रहा है कि अनूप महतो समेत सभी आंदोलनकारी जमीन की लूट का आरोप लगाते हुए ईचागढ़ से झारखंड मुक्ति मोर्चा (Jharkhand Mukti Morcha) की विधायक सविता (Savita Mahato) का पुतला जला रहे थे।  

अनूप महतो ने आज शनिवार को ही सुबह अपने दूसरे फेसबुक पोस्ट में लिखा था- "आदिवासियों का जमीन लूटना बंद करो विधायक सविता महतो। ईचागढ़ विधायक श्रीमती सविता महतो पति स्वर्गीय सुधीर महतो (पूर्व उपमुख्यमंत्री, झारखंड सरकार) के द्वारा चांडिल अंचल के डोबो में भूमिज आदिवासी का जबरन जमीन लूटा जा रहा है और इस लूट में स्थानीय पुलिस भी आंख बंद करके मदद कर रही हैं।

हम सभी ग्राम सभा के सदस्य माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से अनुरोध करते हैं कि आप अपने विधायक सविता महतो के इस हरकत पर लगाम लगाएं और हम आदिवासियों के साथ न्याय करें।फर्जी तरीके से कागजात बनाकर गरीब आदिवासी का जमीन लूटने और विस्थापित, भूमिहीन गरीबों को को बेघर करने के खिलाफ आज शाम 5:00 बजे ईचागढ़ विधायक सविता महतो का पुतला दहन किया जाएग। स्थान : डोबो चौक तथा कल कांदरबेड़ा - पंडित रघुनाथ मुर्मू चौक।"

पत्रकार रूपेश सिंह ने भी इस खबर की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट की है। रूपेश सिंह ने पूछा कि क्या झारखंड में सत्ताधारी जमीन लूटेरे विधायकों का पुतला जलाना भी गुनाह है? मैं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) से मांग करता हूं कि अनूप महतो समेत तमाम आंदोलनकारियों को अविलंब बिना शर्त रिहा किया जाए।

सविता महतो साल 2019 में झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बनीं हैं। वह झारखंड के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व. सुधीर महतो की पत्नी हैं।

Tags:    

Similar News