Darbhanga News : बिहार में धर्म परिवर्तन कर दो बहनों ने किया निकाह, बजरंग दल ने काटा बवाल तो पुलिस ने लड़के-लड़कियों को किया बरामद

Darbhanga News : बजरंग दल ने इसे लव जिहाद बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दे डाली। इसके बाद दरभंगा पुलिस ने दबाव में आकर कोलकाता से दोनों लड़कियों और लड़कों को बरामद कर लिया....

Update: 2021-12-24 13:38 GMT

(बिहार में दो चचेरी बहनों ने धर्म बदलकर किया निकाह तो मचा बवाल)

Darbhanga News : बिहार के दरभंगा जिले (Darbhanga) के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की दो चचेरी बहनों द्वारा धर्म बदलकर विवाह कर लिया। इसके बाद से बवाल मचा हुआ है। दोनों बहनों ने 15 दिसंबर को घर से भागकर दूसरे धर्म के युवकों से शादी कर ली। वहीं इसे लेकर लड़कियों के परिजनों ने दूसरे धर्म के लड़कों और उनके परिजनों के खिलाफ 16 दिसंबर को सिंहवाड़ा थाने में लड़कियों के अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामले में ढिलाई बरती तो परिजनों ने आंदोलन कर लड़कियों की बरामदगी की मांग की। इस पूरे मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब बजरंग दल (Bajrang Dal) ने लड़कियों के परिजनों का साथ देते हुए हस्तक्षेप किया।

खबरों के मुताबिक बजरंग दल ने इसे लव जिहाद (Love Jihad) बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दे डाली। इसके बाद दरभंगा पुलिस ने दबाव में आकर कोलकाता से दोनों लड़कियों और लड़कों को बरामद कर लिया। उसके बाद दरभंगा कोर्ट में लड़कियों का धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया। दोनों लड़कों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

दूसरे धर्म में निकाह करने वाली एक लड़की की मां ने बताया कि उनकी बेटी की उम्र बीस साल है और उसने घर से भागकर दूसरे धर्म के एक लड़के से शादी कर ली है। उन्होंने कहा कि लड़की ने अपना धर्म भी बदल लिया है। मां ने बताया कि लड़की सिलाई सीखने जाती थी। इसी दौरान 15 दिसंबर को वह वापस घर लौटकर नहीं आई। इसके बाद उसे कापी ढूंढा तो बाद में पता चला कि उसे दूसरे धर्म का एक लड़का भगा ले गया है।

लड़की की मां ने कहा कि उनकी बेटी की मानसिक स्थिति अच्छी नहीं है। इसी का फायदा उठाकर दूसरे धर्म के लड़ने के उसका धर्म परिवर्तन कराकर उससे शादी कर ली है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि लड़कियों को वापस उनके धर्म लाया जाए।

वहीं इस मामले को लेकर बजरंग दल के जिलाध्यक्ष आनंद प्रकाश मधुकर (Anand Prakash Madhukar) ने कहा कि देश में गरीब हिंदू लड़कियों का धर्म परिवर्तन कराकर शादी के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसा एक ट्रस्ट के माध्यम से हो रहा है। 16 दिसंबर को यह घटना प्रकाश में आई थी कि दो चचेरी बहनों को दूसरे धर्म के दो लड़के भगाकर ले गए। उन्होंने कहा कि परिजनों के आंदोलन करने के बाद पुलिस पर दबाव पड़ा और पुलिस ने दोनों लड़कियों और लड़कों को कोलकाता से बरामद कर दरभंगा कोर्ट में पेश किया। उन्होंने इसे लव जिहाद का मामला करार दिया।

वहीं बजरंग दल के जिलाध्यक्ष आनंद मधुकर ने कहा कि दूसरे धर्म के लड़के, लड़कियों को प्यार में फंसाते हैं और फिर धर्म परिवर्तन कर शादी करते हैं। इसके बाद लड़कियों को प्रताड़ना झेलनी पड़ती है। ऐसे में देश में लव जिहाद रोकने के लिए कानून बनना चाहिए।

इस पूरे मामले को लेकर दरभंगा सदर के एसडीपीओ कृष्णा नंदन कुमार ने कहा कि सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में 16 दिसंबर को दो लड़कियों के अपहरण का एक मामला आया था। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर लड़कियों और लड़कों को कोलकाता से बरामद कर लिया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है।

उन्होंने कहा कि लड़कियों ने धर्म परिवर्तन कर कोलकाता की एक मस्जिद में शादी की है। दोनों ने अपना नाम भी बदल लिया है। उन्होंने कहा कि लड़कियों ने अपनी मर्जी से दूसरे धर्म के लड़कों से शादी की है और वे उनके साथ ही रहना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि इसे लेकर अपहरण का मामला दर्ज हुआ था जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News