BJP प्रवक्ता का आरोप, शिल्पा शेट्टी का नाम इस्तेमाल कर राज कुंद्रा ने की 3000 करोड़ की धोखाधड़ी

Update: 2021-07-30 07:15 GMT

पोर्न फिल्म बनाने के आरोप में जेल में बंद राज कुंद्रा पर भाजपा प्रवक्ता ने जड़ा 3000 करोड़ की ठगी का आरोप

जनज्वार। पोर्न वीडियो बनाने के मामले में गिरफ्तार राज कुंद्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब भाजपा के प्रवक्ता राम कदम उनके खिलाफ खुलकर सामने आ गये हैं। भाजपा प्रवक्ता का दावा है कि राज कुंद्रा ने अपनी बीवी और बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के नाम का इस्तेमाल कर 3000 करोड़ की ठगी की है।

राम कदम का आरोप है कि गरीब जनता को बेवकूफ बनाकर राज कुंद्रा ने हजारों करोड़ रुपए के वारे न्यारे किए हैं। उनकी मानें तो (GOD) गॉड गेम के नाम पर लोगों से 30-30 लाख रुपया लिया गया और वह पैसे फिर कभी भी उन्हें वापस नहीं लौटाये गये।

भाजपा प्रवक्ता राम कदम ने यह भी आरोप लगाया है कि पोर्न वीडियो बनाने वाले राज कुंद्रा ने इस गॉड गेम ठगी के लिए अपनी पत्नी शिल्पा शेट्टी के नाम और उनकी फोटो का भी इस्तेमाल किया है और देशभर में बड़े पैमाने पर लोगों को बेवकूफ बनाकर उनसे पैसों की ठगी की गयी है और इस ठगी की राशि 2500 लेकर 3000 करोड़ रुपए तक की है।

राम कदम का दावा है, 'राज कुंद्रा ने ऑनलाइन गेम GOD के जरिए धोखाधड़ी की। शिल्पा शेट्टी की प्रतिभा का हम सम्मान करते हैं लेकिन इस गेम में प्रचार प्रसार के लिए शिल्पा शेट्टी के चेहरे का इस्तेमाल किया गया। राज कुंद्रा की वियान इंडस्ट्री के नाम की कंपनी जिसके डायरेक्टर वो खुद हैं, का एक ऑनलाइन गेम है जिसका नाम GOD (Game of Dots) है। इसे वैध ऑनलाइन खेल बताया गया था। लोगों को बताया गया कि GOD ऑनलाइन खेल है। इसके लिए वियान कंपनी के लेटर हेड पर शिल्पा शेट्टी की तस्वीर का प्रमोशन के लिए इस्तेमाल होता था। यह बताया गया कि यह खेल सरकार की मान्यताप्राप्त है। इस खेल में इनाम की राशि देने की बात कही गई और देश भर से लोगों को ठगा गया।'

भाजपा प्रवक्ता का दावा है कि लोग जब उनसे पैसा मांगने के लिए उनके आफिस पहुंचे तो उनके साथ मारपीट भी की गई। उल्टा पीड़ितों के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत भी की गई। राम कदम की मानें तो यह धोखाधड़ी वियान इंडस्ट्री के माध्यम से की गयी है।

पोर्न फिल्में बनाने के आरोपी राज कुंद्रा के साथ-साथ भाजपा प्रवक्ता ने मुंबई पुलिस को भी आरोपों के घेरे में लिया है। सवाल उठाया है कि कि जब पीडत लोग राज कुंद्रा के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे तो कार्रवाई क्यों नहीं की गयी। किसके इशारे पर पुलिस काम कर रही थी, इसकी जांच होनी चाहिए।

राम कदम कहते हैं कि राज कुंद्रा की कंपनी वियान इंडस्ट्री ने अनगिनत लोगों को अपना शिकार बनाकर ठगा है। राज कुंद्रा की कंपनी लोगों के साथ जो भी एग्रीमेंट करती थी, उसकी ओरिजिनल कॉपी भी अपने पास ही रखती थी। महाराष्ट्र में ही ऐसे हजारों लोग हैं जो कुंद्रा की ठगी के शिकार हैं।

Tags:    

Similar News