गुजरात : 14 साल के लड़के ने मां के प्रेमी की चाकू से गोदकर की हत्या, बतायी ये वजह

लड़के ने अपने दोस्त से संपर्क किया और पीड़ित को मारने के लिए चाकू खरीदा। वह 17 मई को स्कूटर से बेहरामपुरा स्थित केलिको मिल परिसर में सुनसान जगह पर ले गया....

Update: 2021-05-20 11:47 GMT

(लड़के ने तब तक मां के प्रेमी को चाकू से तब तक गोदा जब तक उसकी मौत सुनिश्चित न हुई)

जनज्वार डेस्क। गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 साल के लड़के ने अपने मां के प्रेमी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मां के प्रेमी को मारने के बाद लड़के ने उसके ऊपर कई वार भी किए ताकि वह किसी भी हाल में जिंदा न बचे। लड़के का आरोप है कि वह शख्स रोज उसकी मां को मारता था और वह उससे तंग आ गया था, जिसके कारण उसने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने जब लड़के से पूछताछ की तो उसने बताया कि जब वह चार साल का था, तब उसकी मां अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। लड़के ने बताया कि उसके बाद से वह उसकी मां को रोज पीटता था। जब वह लड़का हस्तक्षेप करता तो वह आदमी उसे भी पीटता था।

अपराध शाखा के एक अधिकारी ने कहा लड़के ने उन्हें बताया कि बचपन से ही वह अपनी मां को पिटते हुए देखता था। उसे भी वह आदमी पीटता था। उसके मन में उस आदमी के लिए नफरत हो गई थी। वह छोटा था इसलिए कुछ नहीं कर सकता था। लेकिन अब उससे बर्दाश्त नहीं होता था।

लड़के ने अपने दोस्त से संपर्क किया और पीड़ित को मारने के लिए चाकू खरीदा। वह 17 मई को स्कूटर से बेहरामपुरा स्थित केलिको मिल परिसर में सुनसान जगह पर ले गया। लड़के ने पहले आदमी को छुरा घोंपा और जब वह बेसुध होकर गिर पड़ा तो, यह सुनिश्चित करने के लिए कि वह मर चुका है, उसने उसके पर कई वार किए।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक लड़के के पास से 60,000 रुपये कीमत का स्कूटर और हत्या में प्रयोग किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है। युवक के संप्रेक्षण गृह में भेज दिया गया है।

Tags:    

Similar News