Jaspur Crime News : दो कत्ल और एक आत्महत्या से खत्म हुई अय्याश पति की यह कहानी

Jaspur Crime News : उत्तराखण्ड के उधमसिंहनगर जिले की जसपुर तहसील के मोहल्ला नत्था सिंह में ठाकुर मन्दिर से सटे पंडो वाले कुएं के पास रहने वाले शादीशुदा निखिल उर्फ सोनू के किसी और लड़की से भी अवैध सम्बन्ध चल रहे थे.....

Update: 2022-03-01 11:14 GMT

दो कत्ल और एक आत्महत्या से खत्म हुई अय्याश पति की यह कहानी

Jaspur Crime News : उत्तराखण्ड में एक शादीशुदा व्यक्ति के दूसरी युवती से अवैध सम्बन्धों की दास्तान का दो महिलाओं के दर्दनाक क़त्ल और बाद में कातिल की खुदकुशी के बाद पटाक्षेप हुआ। अय्याशी में अंधे हुए इस व्यक्ति ने अपनी जान देने से पहले अपनी अय्याशी में बाधक बनी पत्नी और सास को बेरहमी से क़त्ल कर मौत के घाट उतार दिया था।

घटनाक्रम के अनुसार उत्तराखण्ड के उधमसिंहनगर जिले (Udham Singh Rawat) की जसपुर (Jaspur) तहसील के मोहल्ला नत्था सिंह में ठाकुर मन्दिर से सटे पंडो वाले कुएं के पास रहने वाले शादीशुदा निखिल उर्फ सोनू के किसी और लड़की से भी अवैध सम्बन्ध चल रहे थे। कुछ दिन पहले उस लडक़ी के साथ सोनू को घर में उसकी पत्नी निशु (35 वर्ष) रंगे हाथों पकड़ा था। जिसके बाद पति पत्नी के बीच इस बात को लेकर काफी विवाद भी हुआ था।

इसी विवाद में सोनू ने निशु की पिटाई भी की थी। इस मारपीट की निशु की बहन पिंकी जब पुलिस में रिपोर्ट करने जा रही थी तो सोनू ने उसे रोक दिया था। उस समय सोनू ने अपने छोटे-छोटे बच्चों का हवाला देकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने का आश्वासन देकर हाथ-पैर जोड़कर माफी मांग ली थी।

उस समय तो मामला शांत हो गया। लेकिन अब पत्नी निशु व उसकी माँ जयंती देवी ने चौकन्ने होकर सोनू पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसके बाद दो दिन पहले एक बार फिर सोनू उसी युवती को घर लेकर आ गया। इस बार लड़की को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि सोनू ने अपनी पत्नी निशु और सास जयंती देवी की पाटल से हत्या कर दी। अपनी पत्नी निशु और सास जयंती देवी की हत्या करने के बाद सोनू अपने बच्चों को लेकर घर से फरार हो गया। बाद में बच्चों को किसी परिचित के यहां छोड़कर सोनू ने उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रहने वाली अपनी बहन को फोन करके घटना की जानकारी दी। जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सोनू ने भी मंगलवार की सुबह पांच बजे गाजियाबाद में ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची कविनगर पुलिस ने मृतक सोनू की जेब से निकले आधार कार्ड के लिखे पते के चलते इस की सूचना जसपुर पुलिस को दी। घटना स्थल से कटे शव के फोटो व उसका मोबाईल वहीं मिलने से मरने वाले कि शिनाख्त सोनू के रूप में होने के बाद जसपुर पुलिस गाजियाबाद के लिये रवाना हो गयी है।

गाजियाबाद पुलिस को जसपुर पुलिस को बताया कि मृतक दो दिन पूर्व हुए दोहरे हत्याकाण्ड का मुख्य आरोपी था। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने सोनू के ट्रेन से कटने की सूचना की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतक सोनू के शव को अपने कब्जे में लेने के लिए जसपुर पुलिस गाजियाबाद रवाना हो गई है।

Tags:    

Similar News