झारखंड में भाई की लंबी उम्र की दुआ के लिए नदी में करम पूजा करने गयीं 7 लड़कियों की डूबने से मौत

गांव की महिलाओं के साथ मरने वाली सभी लड़कियां डाल को विसर्जन करने गई थीं, नहाने के दौरान अचानक लड़कियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गयी...

Update: 2021-09-18 12:25 GMT

करम पूजा के दौरान डूबकर मर गयीं 7 लड़कियां, घरों में पसरा मातम

विशद कुमार की रिपोर्ट

जनज्वार, रांची। झारखंड (Jharkhand) के लातेहार (Latehar) जिला अंतर्गत बालूमाथ थाना क्षेत्र के मननडीह गांव में 18 सितंबर को तालाब में डूबने से सात लड़कियों की मौत हो गई है। झारखंड में मनाये जाने वाले बहनों के त्योहार करम पूजा (Karma Pooja) mके बाद करम डाल को विसर्जित करने लड़कियां गांव के ही बगल में स्थित तालाब में गई थीं, जहां पूजा के दौरान डूबने से सातों लड़कियों की मौत हो गयी।

मृतक लड़कियों में रेखा कुमारी (18), रीना कुमारी (16) और लक्ष्मी कुमारी (12) सगी बहन है। वहीं अन्य मृतकों में सुषमा कुमारी (12 ), पिंकी कुमारी (18), सुनीता कुमारी (20) और बसंती कुमारी (12) है।

जानकारी के अनुसार 17 सितंबर की रात करमा परब (Karma Parab) की पूजा की समाप्ति के बाद 18 सितंबर को गांव की महिलाओं के साथ मरने वाली सभी लड़कियां डाल को विसर्जन करने गई थीं। नहाने के दौरान अचानक लड़कियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। लड़कियों को डूबता देख महिलाओं ने हल्ला मचाया। उसके बाद आसपास के लोग वहां पहुंचे और तालाब में कूदकर सभी लड़कियों को तालाब से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने सभी साथ लड़कियों को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। बालूमाथ अंचल अधिकारी आफताब आलम और बालूमाथ डीएसपी अजीत कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

इस हादसे के बारे में लातेहार के उपायुक्त अबू इमरान का कहना है कि आज शनिवार 18 सितंबर की दोपहर लगभग 12 बजे के करीब ज़िले के बालूमाथ प्रखंड में शेरागड़ा पंचायत के बुकरू गांव के मननडीह में यह दुर्घटना सामने आयी है, जिसमें 7 लड़कियों की जान चली गयी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पेड़ों के पत्तों एवं डालियों से बनी पूजा की डाली का विसर्जन हो ही रहा था कि अचानक दो छोटी लड़कियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं, उन्हें बचाने के लिए बाकी की पांच लड़कियां भी गहरे पानी में चलीं गयीं और डूबकर सबकी मौत हो गयी। हालांकि तालाब के किनारे खड़ी तीन लड़कियों ने शोर भी मचाया था और ग्रामीण तालाब में उन्हें बचाने भी उतरे, मगर तब तक देर हो चुकी थी।

ग्रामीणों के मुताबिक टोरी-बालूमाथ-शिवपुर रेलवे लाइन निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में लड़कियां करम डाल का विसर्जन करने गई थीं। इस दौरान यह हादसा हुआ। ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचते तब तक 4 लड़कियां मौके पर ही दम तोड़ चुकी थीं। बाकी तीन को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

गौरतलब है कि करम परब झारखंड का एक महत्वपूर्ण परब है। इस त्योहार में बहनें भाई की लंबी उम्र और उनकी कुशलता की कामना करती हैं। अवसर करम पेड़ की छोटी छोटी डालियों की पूजा की जाती है और दूसरे उस डाल का विसर्जन किया जाता है। यह त्योहार 17 सितंबर को मनाया गया और 18 विसर्जन किया गया। यह परब पूरे राज्य में बड़े धूमधाम से मनाया गया, लेकिन लातेहार के बालूमाथ में इस दर्दनाक हादसे के चलते परब की खुशियां मातम में बदल गईं।

Tags:    

Similar News