Kanpur News: कानपुर में लड़का-लड़की को हुआ प्यार..फिर धर्म की राजनीति करने वालों के हलक क्यों सूख गये?

Kanpur News: लड़का और लड़की घर से चले गए थे, ये दोनो एक ही घर में ऊपर नीचे रहते थे। इसी घटना को लेकर दो पक्षों में आपसी तनाव हो गया। इलाके में फ़ोर्स को तैनात किया गया है...

Update: 2022-03-26 02:07 GMT

(कानपुर में दो समुदायों के बीच हुए बवाल के बाद जानकारी देती DCP साउथ)

Kanpur News: बात कानपुर के जूही लाल कालोनी (Juhi Lal Colony) की है। यहां एक मकान में दो अलग-अलग धर्मों के परिवार निवास करते हैं। मकान में उपर और नीचे रहने वाले एक लड़का-लड़की को आपस में इश्क हो गया। दोनो ने साथ जीने मरने की कसमें तक खा लीं। नतीजतन समाज बाधा बन गया क्योंकि, दोनों अलग-अलग धर्मों के थे। इसलिए दोनो ने फैसला किया, सब छोड़-छाड़कर निकल चलते हैं। दोनो सबकुछ छोड़कर चले गए और पीछे छूट गया तो सिर्फ बवाल।

मामला कानपुर साउथ (Kanpur South) के जूही लाल कालोनी का है। यहां एक प्रेमी जोड़ा एक दूसरे के प्यार के लिए घर छोड़कर चला गया। जूही लाल कालोनी में किशन और रूखसाना (काल्पनिक नाम) एक ही घर में ऊपर नीचे रहते थे। दोनों के बीच सालों से प्रेम संबंध थे, दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके घरवाले इसके लिए तैयार नहीं थे। जिसके बाद 22 मार्च को दोनों सबकुछ छोड़कर कहीं चले गए।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार, 24 मार्च की रात को करीब 10 बजे कुछ लोग लड़के के घर पहुंचे। इन लोगों ने लड़की काे भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए लडके के परिजनों से बहसबाजी शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही वहां बजरंग दल के तमाम कार्यकर्ता पहुंच गए और फिर जमकर हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई।

सूचना मिलते ही थाना किदवई नगर के साथ ही गोविंद नगर, बाबूपुरवा और नजीराबाद सर्किल की फोर्स मौके पर पहुंची। बवाल बढ़ने पर आरआरएफ और पीएसी समेत बज्र वाहन को भी बुलाया गया। पुलिस ने लाठी फटकार कर उपद्रवियों को खदेड़ा। देर रात माहौल शांत हुआ।

डीसीपी रवीना त्यागी ने क्या बताया?  

'हमें किदवई नगर थाने की जूही लाल कॉलोनी में दो पक्षों के आमने-सामने आने की सूचना प्राप्त हुई थी। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। यहां लड़का और लड़की घर से चले गए थे, ये दोनो एक ही घर में ऊपर नीचे रहते थे। इसी घटना को लेकर दो पक्षों में आपसी तनाव हो गया। इलाके में फ़ोर्स को तैनात किया गया है।'

किदवई नगर थाने की पुलिस ने ये भी बताया है कि लड़की के परिजनों की तहरीर पर FIR दर्ज की जा चुकी है। अब डीसीपी रवीना त्यागी (DCP South Raveena Tyagi) खुद पूरे मामले की मॉनीटरिंग कर रही हैं। लड़का-लड़की को तलाशने के लिए किदवई नगर थाने की पुलिस के साथ ही क्राइमब्रांच और सर्विलांस सेल काे भी लगाया गया है।

लड़के के पिता का क्या कहना है?  

'दोनों परिवार सालों से एक ही घर में ऊपर नीचे रहते हैं। दोनों के बीच कोई झगड़ा नहीं है। तीन दिन पहले मेरा बेटा और इनकी लड़की घर से चले गए। मेरे बेटे ने सुबह 7:58 पर अपने बड़े भाई को फोनकर कहा कि वो उत्कर्ष एकेडमी में पढ़ने जा रहा है और दो-ढाई घंटे बाद वापस आ जाएगा। हमने फिर दोपहर 11 बजे उसे फोन किया तो उसका फोन स्विच आया, तब से वह स्विच ऑफ ही है…लेकिन आज 24 मार्च को करीब 100 लोग मेरे घर के सामने आए और गालियां देने लगे, उन्होंने मेरे भतीजे को थप्पड़ भी मारा। हमारा लड़की के घरवालों से कभी कोई विवाद नहीं हुआ। हम दोनों पक्ष चाहते हैं कि हमारे बच्चे सही सलामत घर वापस आ जाएं।'

लड़की के पिता का बयान  

'22 मार्च को मेरी लड़की स्कूल गई, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची फिर उसका मैसेज आया कि वह कानपुर में नहीं है और उसे तलाश न करें। इसके बाद से उसका फोन स्विच ऑफ है। दोनों परिवार प्रयास कर हैं कि बच्चे वापस आ जाएं।' लड़की के पिता ने गुरूवार रात हुए बवाल को लेकर कहा कि पता नहीं कौन लोग थे, वे घर के पास आकर शोर मचाने लगे और बवाल किया।

Tags:    

Similar News