यूपी : महिला की हत्या कर शव को पंखे पर लटकाया, गांववालों को दुष्कर्म की आशंका

बेटे ने बताया कि शनिवार की सुबह जब वह अपने घर पहुंचा तो मां का शव पंखे पर लटका हुआ था। यह देखकर बेटा जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगा.....

Update: 2021-08-21 14:43 GMT

(महिला की कथित हत्या को लेकर रोते बिलखते गांव के लोग)

जनज्वार। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार महिला सुरक्षा और अपराधियों के खात्मे के चाहे कितने भी दावे कर ले लेकिन जमीन पर हकीकत कुछ और ही है। अपराधी गंभीर वारदातों को आसानी से अंजाम दे रहे हैं।  फिरोजाबाद के एक गावं में घर में अकेली सोई महिला का शव सुबह पंखे पर लटका मिला है। महिला के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या की गई है। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं और कार्रवाई करने की बात कर रही है। 

खबरों के मुताबिक ये पूरा मामला थाना एका क्षेत्र के एक गांव का है। महिला जसराना थाना क्षेत्र में रहती थी, तकरीबन बारह साल पहले उसकी शादी हुई थी। उनके दो बेटे भी हैं। पति गुजरात में नौकरी करते हैं और छुट्टी मिलने पर ही वह अपने घर आते हैं। दो बेटों में से बड़ा बेटा ननिहाल रहता है जबकि महिला अपने छोटे बेटे के साथ घर पर अकेली रहती थी।

शुक्रवार 20 अगस्त की रात महिला का छोटा बेटा थोड़ी दूरी पर रहने वाले अपने बाबा के पास सोने के लिए चला गया था। बेटे के जाने के बाद महिला भी घर में सोने के लिए चली गई थी। बेटे ने बताया कि शनिवार की सुबह जब वह अपने घर पहुंचा तो मां का शव पंखे पर लटका हुआ था। यह देखकर बेटा जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगा। यह सुनकर गांव के लोगों की भीड़ मकान के  बाहर जमा हो गई। 

इसके बाद ग्रामीणों ने ही पुलिस को सूचना दी तो शव को पंखे से नीचे उतारा गया। महिला के शरीर पर चोट के निशान थे। हर कोई चोट के निशान से अंदाजा यही लगा रहा है कि महिला को पहले पीटा गया था। उसके बाद उसे पंखे पर लटका दिया गया। 

मौके पर एसपी ग्रामीण अखिलेश नारायन और इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। इस मामले में एसपी ग्रामीण का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि आखिर महिला के साथ क्या घटना घटित हुई है।

बता दें कि फिरोजाबाद में अपराध का यह पहला मामला नहीं है। शनिवार 14 अगस्त की सुबह एक किसान रामकुमेश की हत्या कर दी गई थी। रामकुमेश के पुत्र गोलू उर्फ विजय प्रताप ने बताया कि शनिवार सुबह आठ बजे जब उसके पिता रामकुमेश खेत पर जा रहे थे, उसी समय दीपा अपनी बाइक से गुजर रहा था। दोनों में फिर से विवाद होने लगा। तभी दीपा ने पिस्टल निकालकर रामकुमेश के तीन गोलियां मारी।

इसी तरह फिरोजाबाद के दक्षिण थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती किशपाल वाली गली में निकलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी गई। युव की मौत के बाद हमला पक्ष भाग निकाल। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

किशनपाल वाली गली निवासी वसीम पुत्र अब्दुल वहीद गली से निकल कर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में ठेला खड़ा था। उसने ठेला हटाने के लिए कहा तो उसका अफजाल नामक युवक से विवाद हो गया। इस पर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। 

Tags:    

Similar News