यूपी : जमीन विवाद को लेकर दो भाईयों की गोली मारकर हत्या, तीसरा गंभीर रूप से घायल

राजेश सिंह को गांव के ही सुखवीर सिंह ने तीन सौ वर्गमीटर का भूखंड बेचा था जिसे वह वापस लेना चाहता था लेकिन राजेश और उसका भाई इसे वापस नहीं करना चाहते थे.....

Update: 2021-08-12 07:29 GMT

(भूखंड को लेकर विवाद में दो भाईयों की हत्या)

जनज्वार। मथुरा जिले के पैगांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी घटना हुई है। इसमें दो भाईयों की मौत हो गई जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि शेरगढ़ थाना क्षेत्र तहत पैगांव निवासी राजेश सिंह को गांव के ही सुखवीर सिंह ने तीन सौ वर्गमीटर का भूखंड बेचा था जिसे वह वापस लेना चाहता था लेकिन राजेश और उसका भाई इसे वापस नहीं करना चाहते थे।

उन्होंने बताया कि इसी विवाद को लेकर बुधवार 11 अगस्त की रात दोनों पक्षों में गोलीबारी शुरू हो गई। आरोप है कि सुखबीर पक्ष की गोलीबारी में 26 वर्षीय राजेश और उसके बड़े भाई रतन सिंह (36 वर्षीय) की मौत हो गई जबकि तीसरा भाई रणवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। रणवीर को कोसीकलां के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, उसकी हालत भी खतरे से बाहर है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की कई टीमें सुखबीर, उसके भाई अमर सिंह और अन्य आरोपियों को तलाश रही है। वहीं पुलिस उपाधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र ने बताया कि आरोपी गांव से फरार हो गए हैं। पुलिस के कई दल उनकी तलाश कर रहे हैं। गांव मं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को एहतियातन तैनात किया गया है।

Tags:    

Similar News