Sadhvi Pragya : गरबा करते नजर आयीं व्हीलचेयर वाली साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, फिर जमानत के लिए स्वास्थ्य का हवाला क्यों?

Sadhvi Pragya : मध्य प्रदेश के भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का जो एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कबड्डी खेलते हुए नजर आ रही हैं, जबकि एक अन्य वीडियो में वो गरबा खेलते नजर आ रहीं हैं..

Update: 2021-10-14 04:19 GMT

BJP सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने फिर विवादित बयान दिया है (FilePhoto/प्रज्ञा ठाकुर)

Sadhvi Pragya : बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Sadhvi Pragya Singh Thakur) अक्सर व्हीलचेयर पर बैठी नजर आतीं हैं और स्वास्थ्य कारणों के आधार पर अपने ऊपर के मुकदमों में पेशी से छूट भी मांगती हैं। उन्हीं साध्वी प्रज्ञा के दो ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिन्होंने लोगों को हैरान कर दिया है। इन वीडियोज के सामने आने के बाद से लोग सोशल मीडिया (Social Media) पर भी तरह- तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

दरअसल, मध्य प्रदेश (Madhyapradesh) के भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का जो एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कबड्डी खेलते हुए नजर आ रही हैं। जबकि एक अन्य वीडियो में वो गरबा (Garba) खेलते नजर आ रहीं हैं। उनके इन्हीं दोनों वीडियो पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग काफी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कबड्डी (Kabaddi) वाले वीडियो को न्यूज24 तथा गरबा वाले वीडियो को पत्रकार साक्षी जोशी ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट किया है।

सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का जो वीडियो पत्रकार साक्षी जोशी ने ट्वीट किया है, उसमें साध्वी गरबा खेलते हुए नजर आ रही हैं। वीडियो पोस्ट करते हुए साक्षी जोशी ने ट्विटर पर लिखा है, "डियर कोर्ट, इन्हें अभी सुनवाई के लिए बुलाएं, वह अपनी सुनवाई को छोड़ने के लिए काफी फिट दिखती हैं।"

बताया जा रहा है कि भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर (Pragya Thakur) नवरात्रि (Navratri) के दौरान बुधवार को भोपाल (Bhopal) के शक्तिनगर में मां काली मंदिर पहुंची थीं। माता की पूजा अर्चना करने के बाद उन्होने ग्राउंड में मौजूद खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने महिला खिलाड़ियों के साथ कबड्डी (Kabaddi) के मैदान में भी हाथ आजमाया।

इसी का वीडियो सामने आया है। इसके बाद से लोगों ने तंज कसने शुरू कर दिए हैं। साध्वी ग्राउंड में खेल रहे प्लेयर्स के बीच पहुंचीं और हाथ मिलाकर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। इस दौरान साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने महिला खिलाड़ियों के साथ कबड्डी खेला। इससे पहले मंगलवार को भी साध्वी प्रज्ञा का गरबा खेलना चर्चा में आ गया था। अब उनका कबड्डी खेलना भी एक मुद्दा बन गया है।

वहीं, बास्केटबॉल (Basketball) के बाद अब साध्वी प्रज्ञा के कबड्डी खेलने को लेकर साध्वी प्रज्ञा पर कांग्रेस (Congress) की तरफ से भी लगातार हमले किए जा रहे हैं। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. (Shrinivas BV) ने वीडियो को ट्वीट किया और साथ में लिखा, "इनकी NIA कोर्ट में अगली 'पेशी' कब है?" दरअसल, प्रज्ञा ठाकुर ने कुछ समय पहले ही खुद को अस्वस्थ बताते हुए एनआईए से पेशी में छूट की मांग की थी। वो ज्यादातर चेयर पर दिखाई देती रही हैं।

बता दें कि इससे पहले भी वो स्पोर्ट्स फील्ड (Sports Field) में नजर आ चुकी हैं। इसी साल जुलाई 2021 में साध्वी प्रज्ञा का बास्केटबॉल खेलते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। तब भी लोगों ने उनकी व्हीलचेयर को लेकर सवाल उठाए थे। उस वक्त मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वो कोर्ट पर एक प्रोफेशनल खिलाड़ी की तरह नजर आईं थीं।

बता दें कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर मध्यप्रदेश के भोपाल (Bhopal) से सांसद हैं। उनके ऊपर आतंकी गतिविधियों से जुड़े हुए आरोप थे। वे साल 2008 में मालेगांव में हुए बम विस्फोट मामले में आरोपी बनाई गई थीं और उन्हें गिरफ्तार किया गया था।

2017 में स्वास्थ्य कारणों से उन्हें जमानत (Bail) मिल गई थी। साल 2019 के प्रयागराज कुम्भ (Prayagraj Kumbh) के दौरान उन्हें 'भारत भक्ति अखाड़े' का आचार्य महामण्डलेश्वर घोषित किया गया था और उसके बाद से वह महामण्डलेश्वर स्वामी पूर्णचेतनानन्द गिरी के नाम से जानी जाती हैं।

Tags:    

Similar News