उत्तराखण्ड में BJP नेता पर बकरी चराने गयी बच्ची से छेड़खानी का आरोप, गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने किया निष्कासित

उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा में सल्ट के स्थानीय भाजपा नेता भगवत बोरा पर नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप, पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा, गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने किया निष्कासित...

Update: 2024-09-01 08:49 GMT

सल्ट विधानसभा से भाजपा विधायक महेश जीना के साथ आरोपी भगवत बोरा (photo : twitter)

Almora news : पहाड़ी राज्य उत्तराखंड वैसे तो देवभूमि और अपनी शांत फिजाओं के लिए जाना जाता रहा है, मगर पिछले कुछ सालों से यह उन्माद, वैमनस्य, जाति-धर्म और हिंदू-मुस्लिम के अलावा महिला उत्पीड़न के कारण चर्चा में आ रहा है। जहां एक तरफ बंगाल की डॉक्टर के साथ हुई नृशंसता के बाद बीएचयू में गैंगरेप के आरोपियों की जमानत और उसके बाद फूलमालाओं से स्वागत खबर है, वहीं उत्तराखंड से एक भाजपा नेता पर बच्ची के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। कल 31 अगस्त की देर रात भारी जनदबाव के बाद भाजपा नेता भगवत बोरा को गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया में आई जानकारी के मुताबिक उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा स्थित सल्ट ब्लॉक के भाजपा मंडल अध्‍यक्ष भगवत बोरा पर एक लड़की से छेड़खानी का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने इस मुद्दे को उठाया और जगह-जगह धरना प्रदर्शन हुए। भारी विरोध के बाद भाजपा ने भगवत बोरा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। मामला सामने आने के बाद कांग्रेस से जुड़े युवाओं के साथ क्षेत्रीय जनता एसडीएम के कार्यालय पहुंचे और आरोपित भाजपा नेता भगवत बोरा पर दुष्कर्म की धाराओं में पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने और जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठायी। कल 31 अगस्त की देर रात भारी जनदबाव के बाद देवायल राजस्व चौकी में आरोपित भाजपा नेता के विरुद्ध छेड़छाड़ व पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया और राजस्व पुलिस ने पुलिस को मामले की जांच सौंपी, तो भगवत रावत को गिरफ्तार किया गया।

खबरों के मुताबिक 24 अगस्त को ब्लाक क्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय बच्ची घर से करीब एक किमी दूर बकरियां चराने गई थी। उसके साथ तीन और लड़कियां भी थीं। आरोप है कि डंगूला गांव निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवत बोरा टाफी देकर बच्ची से छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता के पास फोन था तो उसने फोन पर ही सारी बात अपनी मां को बता दी। वह किसी तरह भगवत बोरा के चंगुल से भागकर अपने घर पहुंची।

इस मामले में बदनामी के डर से बच्ची के परिजनों ने भाजपा नेता के खिलाफ अपनी जुबान नहीं खोली, मगर कुछ रिश्तेदारों और करीबी लोगों ने साथ दिया तो शुक्रवार 30 अगस्त को मामला सबके सामने आया। आरोपी भाजपा नेता पर आरोप है कि वह पीड़िता के परिजनों को मुंह बंद रखने की धमकी भी दे रहा था। आरोपित भगवत बोरा के खिलाफ देवायल राजस्व चौकी में बीएनएस की धारा 74 (छेड़छाड़ कर परेशान करने) व 7/8 पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

आरोपित सल्ट के भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवत सिंह बोरा को पुलिस ने कल 31 अगस्त की देर रात मरचूला रोड से गिरफ्तार किया। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

भगवत बोरा को पार्टी से निष्कासित करते हुए रानीखेत की अध्यक्ष लीला बिष्ट ने पत्र लिखकर कहा है कि मंडल अध्यक्ष पर लगे आरोप गंभीर हैं, और जब तक उन्हें न्यायालय दोषमुक्त नहीं कर देता, तब तक उन्हें पार्टी से निष्कासित रखा जाएगा।

वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि आरोप वास्तव में गंभीर हैं, और इस मामले में न्यायालय का आदेश आने तक मंडल अध्यक्ष को उनके पद से निष्कासित किया गया है। उन्होंने सल्ट में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Tags:    

Similar News