Kangana Ranaut Controversy: कंगना पर एक और FIR, पूर्व भाजपा विधायक ने कहा- देश का मजाक बनाकर रख दिया

Kangana Ranaut Controversy: भाजपा नेता ने कहा कि, "2014 से देश में एक ट्रेंड चल पड़ा है। जिसके मन में जो आए बोलता जा रहा है। देशद्रोह की बात, देश तोड़ने की बात, जाति, धर्म की बात कही जा रही है...

Update: 2021-11-18 13:40 GMT
(कृषि बिल वापस लेने पर कंगना ने भारत को जिहादी देश कहा)

Kangana Ranaut Controversy: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) का विवादित बयानों और FIR से अब पुराना रिश्ता हो चला है। देश के कई राज्यों में उनके खिलाफ विवादित बयान और देशद्रोह का मुकदमा पहले ही दर्ज किया जा चुका है। इसी बीच बिहार के पूर्व विधायक (Ex MLA) ने भी एक्ट्रेस के खिलाफ FIR दर्ज कराई है, जिसके बाद कंगना की मुसीबतें बढ़ सकती है।

बता दें कि हाल ही में पद्म श्री पुरस्कार (Padma Sri Award) से सम्मानित हुईं कंगना रनौत ने एक समाचार चैनल पर देश की आजादी को लेकर विवादित (Kangana Controversy) बयान दिया था। अभिनेत्री के बयान के बाद देशभर में आक्रोश है। वहीं अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कंगना के खिलाफ बिहार के सहरसा (Saharsa District) में शिकायत दर्ज करवाई है। पूर्व विधायक ने कहा कि कंगना ने देश का मजाक बना दिया है।

सहरसा जिले के सोनबरसा क्षेत्र से पूर्व भाजपा विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कंगना के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के बाद कहा कि "आज देश का मजाक उड़ाया जा रहा है। जाति, धर्म के नाम पर कोई भी कुछ बोलकर चला जाता है।" किशोर कुमार (Kishore Kumar) ने कहा कि, "कंगना के बयान से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को खतरा है। देश को आजादी साल 1947 में मिली। इसको चैलेंज करना दिवालिया मानसकिता का उदाहरण है।"

भाजपा नेता ने कहा कि, "2014 से देश में एक ट्रेंड चल पड़ा है। जिसके मन में जो आए बोलता जा रहा है। देशद्रोह की बात, देश तोड़ने की बात, जाति, धर्म की बात कही जा रही है। यह देश के लिए खतरनाक है। इसलिए हमने इस मामले को लेकर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के सामने आवेदन दिया है।"

गौरतलब है कि कंगना ने अपने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था "साल 1947 में जो आजादी मिली थी वह भीख थी। भारत को असली आजादी 2014 में मिली।" कंगना के इस बयान पर भाजपा समेत तमाम राजनैतिक पार्टियों ने विरोध किया और इस बयान को स्वतंत्रता सेनानियों का घोर अपमान बताया। देश के खिलाफ बयानबाजी के लिए कंगना के ऊपर जयपुर में कांग्रेस नेता ने भी वैशाली नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में कहा गया कि कंगना रनौत के बयान से देश के संविधान और स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान हुआ है।

वहीं, कंगना के इस बयान को लेकर उनसे पद्मश्री सम्मान वापस लेने की भी मांग तेज हो गई। हालांकि, कंगना ने दावा किया कि उन्होंने कुछ गलत नहीं बोला है, और चेलैंज (Challenge) किया कि अगर उनकी बातों को कोई गलत साबित करेगा तो वे खुद पद्मश्री लौटा देंगी। कंगना के बयानबाजी का दौर भी समाप्त नहीं हुआ। आजादी को लेकर विवादित बयान के बाद कंगना ने महात्ना गांधी पर भी टिप्पणी की थी।



Tags:    

Similar News