रिंकू शर्मा के परिवार से मिले BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, कहा मृतक की मां चाहती हैं हत्यारों को मिले फांसी

परिवार से मिलने के बाद BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पांडा ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते मुख्यमंत्री ने इतने दिन बीत जाने के बावजूद भी रिंकू शर्मा की हुई निर्मम हत्या पर दु:ख व्यक्त करना तो दूर एक शब्द तक नहीं बोला है...

Update: 2021-02-17 17:12 GMT

photo : twitter

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने मंगोलपुरी में मारे गए मृतक रिंकू शर्मा के पीड़ित परिवार से आज बुधवार 17 फरवरी को भेंट की। उनके साथ भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता और अन्य नेता भी मौजूद रहे।

परिवार से मिलने के बाद पांडा ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते मुख्यमंत्री ने इतने दिन बीत जाने के बावजूद भी रिंकू शर्मा की हुई निर्मम हत्या पर दु:ख व्यक्त करना तो दूर एक शब्द तक नहीं बोला है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने कहा कि मां ने बताया कि रिंकू शर्मा हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहता था। उसका दिल भगवान राम की तरह पवित्र था, लेकिन परिवार वाले इस बात से परेशान हैं कि चाकुओं से मारे गए रिंकू शर्मा की हत्या की घटना को एक वर्ग कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।

भाजपा उपाध्यक्ष के मुताबिक, रिंकू शर्मा की मां ने किसी से व्यापारिक दुश्मनी या प्रतिद्वंद्विता की बात खारिज की। रिंकू की मां ने निर्भया केस की तरह फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई की मांग की है। रिंकू की मां ने बेटे के हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की है।

Tags:    

Similar News