लड़कियां संस्कारी नहीं इसलिए बढ़ रहे रेप कहने वाले BJP MLA पर स्वाति मालीवाल हमलावर, कहा ऐसे घटिया लोगों के कारण नोची जा रहीं बेटियां

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बलिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह के उस बयान का निंदा की है जिसमें उन्होंने बलात्कार को रोकने के लिए लड़कियों को संस्कारित करने की जरूरत बतायी थी...

Update: 2020-10-05 05:13 GMT

जनज्वार। उत्तर प्रदेश के बलिया से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेंद्र सिंह अपने बड़बोले व विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। उन्होंने दो दिन पहले देश में बलात्कार की घटनाओं पर एक बयान दिया था और कहा था कि बलात्कार की घटनाओं को रोकने के लिए लड़कियों को संस्कार दो। अब उनके इस बयान पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने हमला बोला है।

स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर कहा है : यूपी में सत्ता में बैठी पार्टी का विधायक कहता है कि बलात्कार रोकने हैं तो लड़कियों को संस्कार दो। ऐसी घटिया सोच के लोगों को ऐसे पदों पर बिठाया है इसलिए प्रदेश में बेटियों को नोचा जा रहा है। कोई इस घटिया आदमी से पूछे तीन महीने की बच्चियां जिनका बलात्कार होता है क्या वे भी असंस्कारी हैं?

बलिया के विधायक सुरेंद्र सिंह से पत्रकार ने सवाल किया कि कहा जाता है कि रामराज्य चल रहा है, लेकिन इस राम राज्य में भी रेप जैसी घटनाएं सामने आती हैं। इसका आखिर क्या कारण है? इस पर सुरेंद्र सिंह ने कहा, पत्रकार जी सुनिए, मैं विधायक के साथ-साथ एक शिक्षक भी हूं, ये घटनाएं संस्कार से ही रुक सकती हैं, शासन और तलवार से रुकने वाली नहीं हैं।

विधायक सुरेंद्र सिंह ने आगे कहा कि सभी पिता और माता का धर्म है कि अपनी जवान बेटी को संस्कारित वातावरण में रहने, चलने और एक शालीन व्यवहार प्रस्तुत करने का तरीका सिखायें। यह सबका धर्म है, मेरा भी धर्म है, सरकार का भी धर्म है लेकिन परिवार का भी धर्म है। जहां सरकार का धर्म रक्षा करने का है वहीं परिवार का भी धर्म है कि बच्चों में संस्कार डाले। सरकार और संस्कार मिलकर देश को सुंदर रूप दे सकते हैं। दूसरा कोई सामने आने वाला नहीं है।

सुरेंद्र सिंह से हाथरस गैंगरेप कांड से संबंधित सवाल पूछा गया था। सुरेंद्र सिंह ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित दूसरे नेताओं के हाथरस पर बयान देने को राजनैतिक हथकंडा बताया था। उन्होंने कहा था कि राहुल-प्रियंका लाख कोशिश कर लें उत्तरप्रदेश की धरती पर उनकी राजनैतिक जमीन स्थापित होने से रही।

बलिया के विधाकय सुरेंद्र सिंह को बयान की सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हुई है। कई लोगों ने इसकी आलोचना की है। पत्रकार विनोद कापरी ने भी ट्वीट कर इसकी आलोचना की है।


Tags:    

Similar News