आठ दिसंबर के भारत बंद में दूध-सब्जी की आपूर्ति भी बंद रहेगी : योगेंद्र यादव

योगेंद्र यादव ने कहा है कि विभिन्न राज्यों से किसानों के भारत बंद को समर्थन मिल रहा है और अब यह देश का आंदोलन बन गया है। उन्होंने कहा कि तीन बजे दोपहर तक संपूर्ण चक्का जाम रहेगा...

Update: 2020-12-06 14:59 GMT

(योगेंद्र यादव ने सरकार के रिकॉर्डतोड़ फसल खरीद के दावे को 'जुमला' बताया है)। फाइल फोटो। 

जनज्वार। स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने रविवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा है कि आठ दिसंबर को तीन नए कृषि कानून को रद्द करने की मांग को लेकर होने वाले भारत बंद में दूध-सब्जी व अन्य चीजों की आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने कहा कि उस दिन तीन बजे तक चक्का जाम रहेगा और बंद दिन भर रहेगा जिसमें सभी चीजें बंद रहेंगी।

योगेंद्र यादव ने अपने प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि किसानों के इस बंद को देश के विभिन्न संगठनों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हम शुरू से यह कह रहे हैं कि तीनों कृषि कानून रद्द किए जाएं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा हमने या किसी और संगठन ने कभी कोई और मांग नहीं की है। उन्होंने कहा कि हमने अपनी मांग को नहीं बदला है। उन्होंने मीडिया रिपोर्टाें पर टिप्पणी करते हुए कहा कि शायद सरकार को पहली बार हमारी मांग सुनायी पड़ी है।

योगेंद्र यादव ने कहा कि हमारी यह मांग है कि किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी मिले। हम कड़े या नरम नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि तमाम राजनीतिक दलों द्वारा आठ तारीख के भारत बंद को समर्थन दिया गया है। हम उनका धन्यवाद करते हैं, लेकिन वे अपने झंडे छोड़ कर किसान की हैसियत से इस आंदोलन में शामिल हो। योगेंद्र यादव ने कहा कि यह किसान का ही नहीं हर हिंदुस्तानी का आंदोलन बन गया है।

स्वराज इंडिया के अध्यक्ष ने एडिटर्स गिल्ड को कोट करते हुए कहा कि इस आंदोलन को बदनाम करना छोड़ दें। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ फेयर रिपोर्टिंग मीडिया से चाहते हैं, हम फेवर रिपोर्टिंग नहीं चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि गुजरात, महाराष्ट्र के संगठनों से बंद को समर्थन मिला है। महिलाओं व लेखकों के संगठनों का भी बंद को समर्थन मिला है। उत्तराखंड के उद्योग व्यापार मंडल एवं देवभूमि व्यापार मंडल उत्तराखंड ने भी बंद को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सारे व्यापारी भी बंद का समर्थन करेंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा, पंजाब व राजस्थान में सारी मंडियां आठ तारीख को बंद रहेंगी। हरियाणा के उद्योग व्यापार मंडल ने भी बंद का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इसके समन्वय को तमात तरह से समर्थन आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह अब देश का आंदोलन बन गया है। 

Tags:    

Similar News