हरियाणा में फिर ऑनर किलिंग, रिश्ते में भाई-बहन ने रचाई शादी, लड़की के घर वालों ने दोनों की हत्या कर नहर में फेंका

10 अगस्त को लड़के-लड़की ने घर से भाग कर शादी कर ली थी, उसके बाद लड़की के घर के लोग दोनों की तलाश में लगे हुए थे...

Update: 2020-08-23 07:09 GMT

जनज्वार। सोनीपत के गुहणा गांव में दिल दहलाने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया हैं। यहां पर गांव के रहने वाले रिश्ते के एक युवक व युवती ने घर से भाग कर शादी कर ली और इसके बाद लड़की के परिजनों ने दोनों को ढूंढ कर मार डाला। युवक-युवती ने घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। इसकी सूचना के बाद ही लड़की के परिवार वालों ने दोनों की तलाश शुरू कर दी और उन्हें ढूंढकर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया।

पुलिस ने इसे मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक शवों को बरामद नहीं किया जा सका था।

गुहणा गांव के रहने वाले मनोज ओर प्रेरणा दोदों एक ही परिवार के सदस्य थे और रिश्ते में भाई-बहन लगते थे। लेकिन दोनों का प्यार परवान चढा और फिर दोनों ने 10 अगस्त को घर से भागकर एक मंदिर में में शादी कर ली।

इस मामले में लड़के मनोज की मां ने बताया कि लड़की के परिजनों ने उनके घर आकर कहा कि दोनों की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया है। इसके बाद से ही मनोज की मां मामला दर्ज करवाने के लिए थाने का चक्कर लगा रही थी, लेकिन अब जाकर मामला पुलिस ने दर्ज किया है।

डीएसपी राव वीरेंद्र सिंह ने इस मामले में कहा कि अपने खबरी से हमें सूचना मिली थी इसी महीने की 10 तारीख को ही एक लड़का व लड़की जो एक परिवार के ही है और रिश्ते में भाई-बहन लगते हैं, अपने घर से चले गए हैं। उन्होंने कहा कि वे किसी दूसरी जगह रह रहे थे, लेकिन उन्हें पकड़ कर उनकी हत्या कर दी और किसी चीज में शव को भरकर रिठाल के पास इनको फेंक दिया।

मालूम हो कि हरियाणा इस तरह की आॅनर किलिंग के लिए चर्चा में आता रहा है। सहगोत्री या एक ही कुल के लड़के-लड़कियों के द्वारा प्यार में पड़ कर शादी रचाने पर वहां पहले भी कई दफा हत्याएं हुई हैं। 

Tags:    

Similar News