Jharkhand Top 10 News : मैया सम्मान की मद में 17 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च करेगी झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार

Jharkhand Top 10 News
अफीम की खेती करने वाले हो जायें सावधान, 20 साल तक हो सकती है सजा, नशामुक्त कोल्हान पर काम शुरू
अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए खरसावां के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कोल्हान आयुक्त, आईजी और प्रशासनिक पदाधिकारियों ने बैठक की है और 15 फरवरी तक कोल्हान से अफीम की खेती पूरी तरह नष्ट करने का लक्ष्य रखा गया है। अफीम की खेती करने पर 20 साल तक की सजा हो सकती है। अब तक पश्चिमी सिंहभूम में 214 और सरायकेला-खरसावां जिले में करीब 250 एकड़ जमीन में अफीम की खेती को नष्ट किया जा चुका है।
रांची में डॉ रामदयाल मुंडा जनजातीय शोध संस्थान जुलाई में करेगा राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित
झारखंड की राजधानी रांची में डॉ रामदयाल मुंडा जनजातीय शोध संस्थान जुलाई 2025 में राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित करने जा रहा है। इस महोत्सव में देश भर के 28 जनजातीय शोध संस्थानों की फिल्में प्रदर्शित की जायेंगी और ओपेन कॉल एंट्री के जरिये भी निर्माता-निर्देशक अपनी फिल्में प्रदर्शित कर पायेंगे।
झारखण्ड बना देश में सबसे साफ हवा देने वाला 10वां राज्य, खुलकर सांस का ले सकते हैं आनंद
हवा की शुद्धता मापने वाली वेबसाइट aqi.in ने भारत के विभिन्न राज्यों में AQI लेवल का करेंट डाटा शेयर किया है। इसके मुताबिक, देश में सबसे साफ हवा वाला 10वां राज्य झारखंड है। यहां का AQI आज सोमवार 20 जनवरी को 66 दर्ज किया गया है।
20 योजनाओं के लिए 29 हजार करोड़ का बजट, मैया सम्मान की मद में 17 हजार करोड़ से ज्यादा
इस बार के बजट में हेमंत सरकार का विशेष फोकस गरीबों को कपड़ा देने, उनकी खाद्य सुरक्षा और महिलाओं को मैया सम्मान योजना के तहत आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने पर रहेगा। मैया सम्मान योजना के मद में सरकार ने सबसे ज्यादा बजट 17 हजार करोड़ रखा है।
रांची ट्रैफिक पुलिस का अजब कारनामा, कार मालिक को भेज दिया बिना हेलमेट गाड़ी चलाने का चालान
झारखंड की राजधानी रांची में ट्रैफिक पुलिस किसी भी ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करने पर चालान काट रही है. चालान वाहन मालिकों के मोबाइल पर भेजा जा रहा है, ट्रैफिक पुलिस चालान भेजने में कई ऐसी गलतियां कर रही है जिससे वह हंसी का पात्र बन रही है। ‘राजधानी भंडार, बाजरा’ संचालक कार मालिक सुमित केसरी को ट्रैफिक पुलिस ने बिना हेलमेट गाड़ी चलाने का चालान भेजा है।
जमशेदपुर में पूर्व कांग्रेस नेता के भाई को गोलियों से भूना, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए उतारा मौत के घाट
रविवार 19 जनवरी की रात 8 बजे कांग्रेस के पूर्व नेता जीतेन्द्र सिंह के भाई और ट्रांसपोर्टर संतोष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या से पहले अपराधियों ने वहां की लाइट बंद करवा दी थी। कहा जा रहा है कि अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए इस गोलीकांड को आरोपियों द्वारा अंजाम दिया गया।
झारखंड में 8 हिस्सों में बनेगा 506 किलोमीटर लंबा टूरिस्ट कॉरिडोर, अनुमानित लागत 4647 करोड़
झारखंड के सभी प्रमुख पर्यटन स्थल के बीच आसान और तेज आवागमन के लिए फोर लेन कनेक्टिविटी का रोडमैप तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पथ निर्माण किया जा रहा है।
झारखंड में 2 दुर्घटनाओं में 6 लोगों की मौत, 13 घायल, हजारीबाग और सिमडेगा में हुए जानलेवा हादसे
झारखंड में कल रविवार 19 जनवरी को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल 6 लोगों की मौत और 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से पहला हादसा हजारीबाग में हुआ। यहां एक प्राइवेट बस के पलट जाने से 3 यात्रियों की मौत हो गई और करीब 12 अन्य घायल हो गए।
रांची की नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के छात्रों ने जीता अंतरराष्ट्रीय आर्बिट्रल अवार्ड
रांची की नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के दो विद्यार्थियों इंतिसार असलम और जैनब उल कुबरा ने अंतरराष्ट्रीय आर्बिट्रल अवार्ड जीता है। इन दोनों विद्यार्थियों ने भारत और विदेशों के कुछ प्रमुख विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए यह सम्मान हासिल किया है।
झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पलामू में किसान मेले का किया उद्घाटन
झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आज सोमवार 20 जनवरी को पलामू के मेदिनीनगर स्थित शिवाजी मैदान में आयोजित किसान मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने खेतीबाड़ी से अच्छी आमदनी का मंत्र देते हुए कहा कि यहां सिंचाई के अभाव में खेती प्रभावित होती रही है, ऐसे में वर्षा जल के संरक्षण पर जोर देने की खास जरूरत है।