Begin typing your search above and press return to search.
अंधविश्वास

120 महिलाओं के साथ बलात्कार कर चुका था जलेबी बाबा, अश्लील वीडियो बनाकर ऐंठता था पैसे-रेप की दर्जनों वीडियो हुईं थीं बरामद

Janjwar Desk
9 Jan 2023 12:24 PM GMT
120 महिलाओं के साथ बलात्कार कर चुका था जलेबी बाबा, अश्लील वीडियो बनाकर ऐंठता था पैसे-रेप की दर्जनों वीडियो हुईं थीं बरामद
x
दुष्कर्मी जलेबी बाबा इतना ज्यादा चालाक और शातिर था कि उसके पास हमेशा एक पिस्तौल भी रहती थी। कमरे में ले जाकर वह महिलाओं के साथ न केवल दुष्कर्म करता, बल्कि पिस्तौल दिखाकर धमकी देता कि अगर इसके बारे में किसी को कुछ बताया तो जान से मार देगा। जलेबी बाबा अपने पाखंड को सही साबित करने के लिए श्मशान भूमि में जाकर पूजा का दिखावा भी करता था, जिस कारण आसपास के लोग उससे डरने लगे थे....

Jalebi baba : अंधविश्वास के नाम पर शायद हमारे देश में सबसे ज्यादा ठगी होती हो। अनपढ़ तो छोड़िये पढ़े-लिखे लोग भी जागरुकता के अभाव में इन ठगों के शिकार बन जाते हैं। तांत्रिकों के वेष में छुपे इन ठगों का सबसे आसान शिकार महिलायें होती हैं, जिन्हें ये किसी न किसी बहाने अपनी चंगुल में फंसा लेते और उसके बाद होता है शारीरिक और मानसिक यंत्रणा का सिलसिला।

अंधविश्वास के जाल में फंसाकर महिलाओं का बलात्कार करने वाला एक ऐसा ही बाबा है जलेबी बाबा उर्फ बाबा बिल्लू राम उर्फ अमरपुरी। अमरपुरी पर 120 महिलाओं के साथ बलात्कार की पुष्टि हो चुकी है। इस मामले में आज भी सुनवाई टल गयी, मगर कल 10 जनवरी को उसकी सजा तय की जानी है।

गौरतलब है कि 5 जनवरी को जलेबी बाबा को 2 साल पहले उजागर बलात्कार के मामलों में दोषी करार दिया गया था। 7 जनवरी को कोर्ट में बाबा की सजा पर दोनों पक्षों में बहस हुई और आज 9 जनवरी को सजा का ऐलान होना था, लेकिन अब कोर्ट के द्वारा कल यानी 10 जनवरी को दुष्कर्मी बाबा को सजा सुनाई जाएगी। दरअसल जलेबी बाबा पर 120 महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने के आरोप लगे थे। उसने न सिर्फ महिलाओं का बलात्कार किया बल्कि महिलाओं की अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल भी किया था।

फतेहाबाद के टोहाना के काली माता मंदिर रोड पर स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर का संचालन करने वाले जलेबी बाबा उर्फ अमरपुरी पर दर्जनों महिलाओं के साथ बलात्कार के आरोप लगे थे। इस कांड का खुलासा तब हुआ जब बलात्कार के कई वीडियो लीक हो गये। इस संबंध में 19 जुलाई 2018 को जलेबी बाबा के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था,जिसके बाद उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया।

अमरपुरी के जलेबी बाबा नाम की कहानी भी दिलचस्प है। बाबा का चोला धारण करने से पहले अमरपुरी टोहाना के रेलवे रोड पर जलेबी की रेहड़ी लगाता था, जिस कारण वह जलेबी वाले बाबा के नाम से प्रसिद्ध हो गया।

19 जुलाई 2018 को टोहाना के तत्कालीन एसएचओ प्रदीप कुमार की शिकायत पर आरोपी तांत्रिक बिल्लू राम उर्फ अमरपुरी के खिलाफ आईपीसी की धारा 292, 293, 294, 376, 384, 509 और आईटी एक्ट की धारा 67ए के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। एसएचओ प्रदीप कुमार को एक मुखबिर ने मोबाइल में जलेबी बाबा की अश्लील वीडियो दिखाई थी, इसके बाद हुूई पड़ताल में पुलिस ने जलेबी बाबा उर्फ अमरपुरी के पास से 120 वीडियो बरामद किये, जिसमें वह महिलाओं से शारीरिक संबंध बनाते हुए नजर आया। यह वीडियो उसने महिलाओं को ब्लैकमेल करने के लिए बनाये थे।

पुलिस के पास अपना जुर्म कबूल करते जलेबी बाबा ने जो बताया, वह महिलाओं को सतर्क करने के लिए काफी है कि किसी भी तांत्रिक पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, नहीं तो नर्क के दलदल में धंसती चली जायेंगी और इन ठगों की दुकान भी उसी तेजी से बढ़ती जायेगी।

जलेबी बाबा ने पुलिस को बताया, उसके पास आने वाली महिलाओं को वह बहला फुसला कर प्रसाद के नाम पर नशे को गोली खिलाता था। महिलाओं के बेहोश होने के बाद वह उनके साथ घिनौना काम करत और अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लेता। उन्हीं अश्लील वीडियो के नाम पर वह बाद में पीड़ित महिलाओं को ब्लैकमेल करता था। जो महिला पैसा न होने की बात कहती वह उसके अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता था, बदनामी के डर से महिलाएं किसी को कुछ नहीं बतातीं और उसे पैसे देती रहती।

पुलिस के मुताबिक 13 अक्टूबर 2017 को एक महिला की शिकायत पर उसके खिलाफ शहर पुलिस टोहाना में आईपीसी की धारा 328, 376, 506 दर्ज हुआ था। बाद में 2018 में तत्कालीन एसएचओ की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था और जलेबी बाबा के बलात्कार कांड का खुलासा सिलसिलेवार हुआ था कि वह कैसे वह जादू टोने का भ्रम देकर महिलाओं को अपना शिकार बनाता था।

दुष्कर्मी जलेबी बाबा पंजाब के मानसा का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि उसने 8 साल की उम्र में घर छोड़ दिया था। घर छोड़कर जब वह दिल्ली पहुंचा तो रेलवे स्टेशन पर उसे एक बाबा मिले, जिनको उसने अपना गुुरु बना लिया और उन्हीं के साथ रहने लगा। 18 साल की उम्र में वह वापस अपने घर मानसा गया, जहां परिजनों ने उसकी शादी कर दी।

इसके बाद 1984 में जलेबी बाबा टोहाना आ गया, जहां उसने जलेबी की रेहड़ी लगादी शुरू की। धीरे धीरे जलेबी बाबा ने टोहाना के शक्ति नगर में आश्रम बना लिया और झाड़ फूंककर लोगों का इलाज करने लगा। पुलिस के मुताबिक जलेबी बाबा की अनुयायियों में सबसे अधिक महिलाएं थीं। दावा यह भी किया जाता है कि बाबा इनको चाय में नशीला पदार्थ पिलाता था और बाद में इलाज के बहाने उनके परिजनों को आश्रम में बैठने की बात कहकर महिलाओं को आश्रम के पिछले कमरे में ले जाता था, जहां वह उनसे नशे की हालत में दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना लेता।

दुष्कर्मी जलेबी बाबा इतना ज्यादा चालाक और शातिर था कि उसके पास हमेशा एक पिस्तौल भी रहती थी। कमरे में ले जाकर वह महिलाओं के साथ न केवल दुष्कर्म करता, बल्कि पिस्तौल दिखाकर धमकी देता कि अगर इसके बारे में किसी को कुछ बताया तो जान से मार देगा। जलेबी बाबा अपने पाखंड को सही साबित करने के लिए श्मशान भूमि में जाकर पूजा का दिखावा भी करता था, जिस कारण आसपास के लोग उससे डरने लगे थे और अफवाह थी कि वह जादू टोना करता है। बाबा वीडियो बनाने के बाद महिलाओं को ब्लैकमेल भी करता था।

Next Story

विविध