Begin typing your search above and press return to search.
आजीविका

बुंदेलखंड में कर्ज में डूबे किसान ने जामुन के पेड़ से लटककर दी जान

Janjwar Desk
27 Jan 2023 10:24 AM GMT
बुंदेलखंड में कर्ज में डूबे किसान ने जामुन के पेड़ से लटककर दी जान
x
Bundelkhand news : आर्थिक तंगी कर्ज में डूबे कोरी जाति से संबंध रखने वाले झांसी के किसान धनु कोरी ने खेत में लगे जामुन के पेड़ पर फांसी लगाकर दी जान, बढ़ते कर्ज और फसल बर्बादी के बाद था मानसिक तनाव में...

Bundelkhand farmer suicide : जनपद झांसी तहसील टहरौली के गांव घुरैया निवासी धनु पुत्र बुदु कोरी 46 वर्ष ने 25 जनवरी शाम को परिजनों से खेतों की अन्ना जानवरों से रखवाली करने के लिए कह कर निकले थे और सुबह जब घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश किया। खेत पर गए तो वहां पर देखा कि खेत पर लगे जामुन के पेड़ के सहारे किसान धनु पेड़ से लटके मिले। आनन-फानन में परिजनों ने गांव व पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा करके मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताते चलें कि कोरी जाति से संबंध रखने वाले मृतक किसान धनु ने अपने खेतों में सिंचाई के लिए 3 बोरवेल करवाये थे। तीनों बोर असफल हो गए थे और उसी बोर का कर्जा बढ़ गया था। धनु ने 1 वर्ष पहले बड़ी बेटी दर्शना की शादी की थी। इससे कर्ज बढ़ गया था और धनु की खरीफ फसल भी नष्ट हो गई थी।

मृतक किसान धनु लगभग 20 बीघा का काश्तकार था। खेती-बाड़ी करके अपना और अपने परिवार का भरण पोषण करता था। एक तरफ बोरवेल असफल हुआ और दूसरी तरफ लड़की की शादी के चलते धनु के सिर पर कर्ज का बोझ भारी हो गया। इसके बाद जब खरीफ की फसल भी बर्बाद हो गई थी तो धनु मानसिक तनाव में आ गया।

बढ़ते कर्ज को चुकाने का दबाव उसे परेशान किये जा रहा था। सरकारी गैर सरकारी धनु के सिर पर लगभग पांच लाख का कर्ज था, इसके अलावा मृतक किसान धनु के ऊपर पत्नी समेत पांच बच्चों की भरण-पोषण की जिम्मेदारी भी थी। आर्थिक दबाव और मानसिक रूप से धनु इतना परेशान हो गया कि उसे इस सबका हल आत्महत्या नजर आया।

धनु की आत्महत्या के बाद उसके परिजनों का रो रोकर ​बुरा हाल है। पत्नी इस हालत में नहीं हे कि कुछ बोल पाये। आखिर कैसे निभायेगी बच्चों की जिम्मेदारी। धनु की आत्महत्या के बाद उसके घर तो छोड़िये पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव नारायण सिंह परिहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर पहुंचे। धनु के परिजनों से मिले और परिजनों को ढांढस बांधते हुए हरसंभव मदद की बात कही।

परिजनों ने बताया कि धनु के ऊपर काफी कर्जा था। कई दिनों से परेशान भी था। बच्चे बताते हैं पापा घर में बताकर गये थे कि खेत पर जा रहे हैं, जानवरों से फसलों की रखवाली करने और जब सुबह नहीं आए तो फिर हम लोगों ने उन्हें ढूंढा। जब सुबह खेत पर गए तो वहां देखा कि वह पेड़ से लटके हुए हैं।

इस घटना के संबंध में उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव नारायण सिंह परिहार ने फोन के माध्यम से उप जिला अधिकारी टहरौली से मदद की गुहार लगाई है। साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से मृतक किसान के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। मौके पर किसान सेवक शेखर राज बडोनिया, प्यारे लाल बेधड़क, किशोरी लाल यादव और परिजनों सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

Next Story