Begin typing your search above and press return to search.
आंदोलन

महिलाओं के साथ बढ़ती हिंसा को लेकर रामनगर में संगोष्ठी आयोजित, बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने की शिरकत

Janjwar Desk
13 Aug 2023 3:25 PM GMT
महिलाओं के साथ बढ़ती हिंसा को लेकर रामनगर में संगोष्ठी आयोजित, बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने की शिरकत
x
Ramnagar news : ज महिलाओं के साथ बढ़ रही हिंसा की जिम्मेदारी सरकार की है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली मोदी सरकार का सांसद बृजभूषण सिंह पहलवान लड़कियों द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने तथा उसकी गिरफ्तारी को लेकर महिलाओं के आंदोलन करने के बावजूद भी गिरफ्तार नहीं किया गया है...

Ramnnagar news : महिलाओं के साथ बढ़ रही हिंसा के सवालों को लेकर नगर पालिका सभागार रामनगर में महिला एकता मंच द्वारा आज 13 अगस्त को एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

महिलाओं के साथ हिंसा एवं गैर बराबरी पर चिंता व्यक्त करते हुए दिल्ली से आयीं लेखिका नीरा जलछत्री ने कहा कि दुनिया की हर तीसरी औरत घरेलू /यौन हिंसा की शिकार हो रही है और हमारे देश में तो हालत और भी खराब हैं। दहेज हत्याएं भारत जैसे देशों में ही देखी जाती हैं, दुनिया के दूसरे मुल्कों में नहीं। संस्कृति के नाम पर भी महिलाओं का ही शोषण होता है। उन्होंने कहा कि लड़के व लड़कियों के पालन-पोषण अलग-अलग ढंग से किया जाता है। हम लड़कियों के घर से बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगाते हैं और लड़कों को आजादी के देते हैं, यहीं से लड़कियों के साथ गैर बराबरी की शुरुआत हो जाती है।

महिलाओं के साथ हिंसा लड़की के भ्रूण के साथ प्रारंभ होकर जन्मभर किसी न किसी रूप में जारी रहती है और उसकी मृत्यु के साथ ही समाप्त होती है। महिलाओं को जिंदा जलाने की प्रथा होलिका दहन से आई है। होलिका दहन से प्रभावित होकर समाज में दहेज के लिए महिलाओं को जिंदा जला दिया जाता है। मणिपुर में भीड़ द्वारा महिलाओं को निर्वस्त्र कर उनकी परेड करना द्रोपदी के चीर हरण की कहानी को अभिव्यक्त करता है। हम महिलाएं जब गीत रच सकती हैं, तो हमें अपनी कहानियां भी रचनी चाहिए जो हमें बराबरी और सशक्त बनाने वाली हों।

कार्यक्रम में बोलते हुए दिल्ली हाईकोर्ट के अधिवक्ता कमलेश कुमार ने कहा कि आज महिलाओं के साथ बढ़ रही हिंसा की जिम्मेदारी सरकार की है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली मोदी सरकार का सांसद बृजभूषण सिंह पहलवान लड़कियों द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने तथा उसकी गिरफ्तारी को लेकर महिलाओं के आंदोलन करने के बावजूद भी गिरफ्तार नहीं किया गया है। आज संचार माध्यम जनता को सही सूचनाएं नहीं दे रहे हैं। मणिपुर में महिलाओं को नग्न घुमाने की घटना को जनता तक पहुंचते-पहुंचते 2 माह से भी अधिक का समय लग गया और सरकार ने भी तब एक्शन लिया जब मामला बहुत ज्यादा तूल पकड़ने लगा।

कार्यक्रम का संचालन ललिता रावत ने किया। प्रभात ध्यानी, महक अंसारी, पुष्पा चंदोला, रीना सैनी, ललित उप्रेती, मुनीष कुमार, कौशल्या आदि ने भी महिला हिंसा के सवालों को लेकर विचार व्यक्त किये।

कार्यक्रम में ग्राम पूछड़ी, कालू सिद्ध, उदयपुर बंदोबस्ती, चैनपुरी, सुंदरखाल, देवीपुर बासीटीला, हिम्मतपुर, कानिया, गौजानी, देवीचौड, मालधन क्षेत्र के चंद्रनगर, गांधीनगर आदि गांवों की महिलाओं द्वारा भागीदारी की गई।

Next Story

विविध