Begin typing your search above and press return to search.
दिल्ली

दिल्ली में भरभराकर गिर गई फैक्ट्री की छत, मलवे में दब कर चार लोगों की मौत

Janjwar Desk
19 Dec 2020 7:45 AM GMT
दिल्ली में भरभराकर गिर गई फैक्ट्री की छत, मलवे में दब कर चार लोगों की मौत
x

Photo:social media

विष्णु गार्डन के ख्याला इलाके में साठ गज की एक इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक कमरे में बियरिंग बनाने की फैक्ट्री चल रही थी, शनिवार सुबह दस बजे के करीब अचानक फैक्ट्री वाले हिस्से की छत भरभराकर गिर गई...

नई दिल्ली, जनज्वार। दिल्ली के विष्णु गार्डन ख्याला इलाके में शनिवार सुबह अचानक एक फैक्ट्री की छत गिर गई। फैक्ट्री में उपस्थित छह लोग छत के मलवे में दब गए, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बुरी तरह से जख्मी बताए जाते हैं।

छत गिरने से जख्मी हुए सभी लोगों को पास में स्थित गुरु गोविंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन बाद में गंभीर रूप से घायलों को DDU अस्पताल में शिफ्ट किया गया। अबतक की जानकारी के अनुसार छह घायलों में से चार की मौत हो गई है। अफरातफरी का माहौल होने के कारण घायलों और मृतकों की पहचान अभी सामने नहीं आ सकी है।

बताया जाता है कि विष्णु गार्डन के ख्याला इलाके में साठ गज की एक इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक कमरे में बियरिंग बनाने की फैक्ट्री चल रही थी।शनिवार सुबह दस बजे के करीब अचानक फैक्ट्री वाले हिस्से की छत भरभराकर गिर गई।

विष्णु गार्डन एरिया में छत गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। शुरुआत में बताया गया कि मलबे में तीन-चार लोग दबे हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह इमारत काफी पुरानी थी, जहां वह फैक्ट्री चल रही थी।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने छत के मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। एक घायल को समीप के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि बाकी घायलों को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने 10 नवंबर को दिल्ली के केशवपुरम में तीन मंजिला इमारत गिर गई थी। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई थी। उस दौरान बताया गया कि पुरानी इमारत में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था।

Next Story

विविध