Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

UP : रामराज्य में 72 घंटे के भीतर 16 जिलों में 15 मर्डर, 3 रेप, एक डकैती सहित दर्जनों वारदातें

Janjwar Desk
28 July 2021 6:27 AM GMT
UP : रामराज्य में 72 घंटे के भीतर 16 जिलों में 15 मर्डर, 3 रेप, एक  डकैती सहित दर्जनों वारदातें
x

(रामराज्य में पिछले 72 घण्टों के भीतर 16 जनपदों में हुई दर्दनाक वारदातें)

अमेठी में युवक की कनपटी से सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुजफ्फरनगर में गन प्वाइंट पर नाबालिग से रेप की घटना सामने आई। इसी तरह हरदोई, संतकबीर नगर, कानपुर,फतेहपुर, औरैया, मेरठ, गाजियाबाद, कौशांबी और सुल्तानपुर, अमेठी से भी रेप, मर्डर की घटनाएं सामने आई...

जनज्वार, लखनऊ। यूपी में कथित रामराज्य के बावजूद 16 जिलों में 60 घंटे के भीतर 15 मर्डर, 3 रेप और एक डकैती की वारदात हुई। सीतापुर में डकैती के दौरान महिला की हत्या कर दी गई। महोबा में 60 साल की बुजुर्ग महिला से गैंगरेप हुआ। महिला के प्राइवेट पार्ट में दरिंदों ने मिर्च का पाउडर डाल दिया। बागपत में 6 साल की बच्ची को हैवानों ने रेप के बाद मार डाला।

अमेठी में युवक की कनपटी से सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुजफ्फरनगर में गन प्वाइंट पर नाबालिग से रेप की घटना सामने आई। इसी तरह हरदोई, संतकबीर नगर, कानपुर,फतेहपुर, औरैया, मेरठ, गाजियाबाद, कौशांबी और सुल्तानपुर, अमेठी से भी रेप, मर्डर की घटनाएं सामने आई।

अलग-अलग घटनाओं के बाद बिलखते लोग

अमेठी : बीती रात जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ननकू दास कुटी के पास की घटना है़। मृतक के ससुर अमेठी कोतवाली क्षेत्र के पूरब गांव पूरे बल्दू निवासी रामदुलारे कोरी ने पुलिस को बताया कि उसका दामाद 28 वर्षीय धर्मेंद्र कोरी पुत्र स्व. तुलसीराम संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे ताल्लुकदार मजरे गोरखापुर का निवासी है। रविवार को इसी थाना क्षेत्र के आम पोखर मजरे गोरखापुर निवासी जियालाल वर्मा मेरे दामाद को धान का बेरन निकलवाने के लिए लेकर गया था। आरोप है कि रात में किसी समय उसने दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी।

बागपत : बागपत में एक 6 साल की मासूम बच्ची से रेप कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। बच्ची का शव निर्माणधीन मकान में पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। लोगों के आक्रोश को देख गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। घटना की सूचना पर एसपी सहित कई आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड टीम बुलाकर जांच कराई गई। हालांकि, पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया। केस दर्ज होते ही पुलिस आरोपी की तलाश में लग गई। पुलिस ने 4 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। घटना जिले के बड़ौत गांव की है।

सीतापुर : सीतापुर में हथियारों से लैस बदमाशों ने एक घर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने परिवार का विरोध करने पर महिला 35 वर्षीय विनीता की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि, गोली लगने से उसका पति, देवर और देवरानी अनीता गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े और वहां से भाग रहे एक बदमाश को दबोच लिया। इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। बदमाश को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है। तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों का कहना है कि घर में काम चल रहा था। शक है कि मजदूरों ने रेकी कर डाका डाला है। घटना जिले के तालगांव कोतवाली क्षेत्र के अंगरौरा गांव की है।

बदमाशों का विरोध करने पर गोली मारकर विनीता की हत्या

महोबा : महोबा से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां कबरई थाना क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर 4 बदमाशों ने उसके साथ गैंगरेप किया। हैवानों ने इसके बाद महिला के प्राइवेट पार्ट में मिर्ची का पाउडर भर दिया। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी भाग गए। सुबह लोगों ने बुजुर्ग को देखा तो हड़कंप मच गया। घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पीड़ित महिला को अस्पताल में भर्ती करा दिया। एसपी महोबा ने बताया कि महिला का मेडिकल कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस दबंगों की तलाश कर रही है। घटना कबरई के लक्ष्मी नगर की है।

रायबरेली : रायबरेली में घर से अपहरण कर एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के लकड़िया खेड़ा गांव की है। यहां रविवार देर रात घर पर सो रहे शुभम नाम के युवक को अज्ञात बदमाश उठा ले गए। सोमवार सुबह युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव घर के बाहर मिला। लखेड़िया खेड़ा गांव निवासी मृतक शुभम घर पर अपनी पत्नी के साथ था। रविवार रात करीब 9 बजे शुभम के घर पर दो युवक पहुंचे और उसे घर से उठा ले गए। करीब डेढ़ घंटे के बाद वो लोग वापस शुभम को लाए और चारपाई पर लिटा दिया। पत्नी से कह दिया कि शराब ज्यादा पी रखी है। सुबह जब शुभम नही उठा तो पत्नी चीखने चिल्लाने लगी। इस पर लोग जमा हुए तो पता चला कि शुभम के गले और पीठ पर चोट के निशान हैं और उसकी मौत हो चुकी है।

मुजफ्फरनगर : मुजफ्फरनगर में एक किशोरी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। जहां बदमाशों ने घर में घुंसकर नाबालिग भाई को गन प्वाइंट पर रखकर बच्ची से रेप किया। घटना के समय उनके माता पिता रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। मौका पाकर पड़ोस में रहने वाले चार बदमाश घर में घुस गए। उन लोगों ने लड़के के ऊपर तमंचा तान दिया। फिर बच्ची के साथ बारी-बारी से बलात्कार किया। इतना ही नहीं मनबढ़ो ने रेप का वीडियो भी बनाया और पीड़िता को उसे वायरल करने की धमकी दी। बाद में जब बच्चों के माता-पिता घर वापस आए तो किशोरी ने उन्हें अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद उन लोगों ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी।

हरदोई : संतकबीरनगर में भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मण पांडेय की निर्मम हत्या कर दी गई है। वह बाइक से किसी काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। तभी उनके गांव में ही रहने वाले युवक अजय राय ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी एक घण्टे तक घटनास्थल पर रहा और गांव वालों को धमकियां देता रहा। पुलिस के आने से पहले वह वहां से फरार हो गया। मामला बखिरा- सहजनवा मार्ग का है। हालांकि, यह हत्या क्यों हुई उसकी वजह अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश कर रही है।

सीतापुर : सीतापुर से एक ओर दिल दिहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक युवक-महिला का शव नग्न अवस्था में मिला है। दोनों की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। सुबह के वक्त जब ग्रामीण खेत पर जा रहे थे, तब उन लोगों ने शवों को देखा। दोनों लाशें एक दूसरे से थोड़ी दूरी पर पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हालांकि, अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस घटना की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना तालगांव थाना क्षेत्र के मंदना इलाके की है।

सुल्तानपुर : सुल्तानपुर में एक अनाथ युवक अवधेश पाल की हत्या कर दी गई। वह गोसाईंगंज क्षेत्र के बसौंहा गांव का रहने वाला था। युवक गांव में अपने बडे़ भाई व भाभी के साथ रहता था। उसका भाई दिल्ली में नौकरी करता है और भाभी किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी। लौटकर जो वो आई तो युवक घर पर नहीं था। पूरी रात युवक की तलाश होती रही। अगली सुबह रविवार को सूचना मिली कि उसका शव गांव में ही एक खेत में पड़ा हुआ है। पुलिस ने भाभी बिंदु की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कौशांबी : यहां एकतरफा प्यार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक सिरफिरे आशिक ने शादी न करने पर एक युवती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। ये हमला उस समय किया, जब वो छत पर सो रही थी। वो युवती को जख्मी कर छत से फेंकना चाहता था, लेकिन पिता को आता देख वो फरार हो गया। घटना तरकीपुर राला गांव की है।

हरदोई : यहां एक अधेड़ व्यक्ति की गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना कछौना इलाके के गाजू गांव के मजरा फत्तेपुर की है। जहां 4 साल पहले उसका चचेरा भाई उसकी पत्नी को भगा ले गया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। जिसके चलते खेत पर जाते समय आरोपी रोशन और उसके साथियों ने बांके से मृतक रामनाथ पर हमला कर दिया। उसके गले पर एक के बाद एक कई वार किए गए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है।

फतेहपुर : फ़तेहपुर जिले में फिर एक बेटी दहेज़ दानवों की भेंट चढ़ गई। आरोप है कि दहेज़ में 4 लाख की डिमांड नही पूरी करने पर ससुराल वालों ने पहले नवविवाहिता के मुंह में तेजाब डाला फिर मिट्टी का तेल डालकर उसे जिंदा जलाकर मार डाला, दहेज हत्या की यह वारदात सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अफोई गांव की है, वहीं इस घटना के बाद पीड़ित परिवार पुलिस की कार्रवाई से खासा नाराज है।

कानपुर : शहर के कोहना थानाक्षेत्र में लापता युवक 30 वर्षीय नवीन शर्मा की नृशंस हत्या के बाद उसका शव धोबीघाट के पास जंगल में फेंक दिया गया था। वो टेफ्को-2, भैरवघाट का रहने वाला था। इलाके के लोगों की सूचना पर रविवार को ग्वालटोली पुलिस, फोरेंसिक टीम जांच करने पहुंची। लापता युवक के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की है। परिजनों ने पड़ोसियों पर हत्या का संदेह जताया है। पुलिस ने शक के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया है।

मेरठ : एक करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए बड़े बेटे रोहित उर्फ मोंटू ने अपने बाप 65 वर्षीय सुक्रमपाल को गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। घरवालों के मुताबिक, बेटा पिता को शहर घुमाने के लिए कार में ले गया था। वहां उसने पिता को सीने में गोली मार दी और शव को कार में ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना जिले के कंकरखेड़ा क्षेत्र के नंगलाताशी की है।

औरैया : नशे की लत में पति तेजपाल शाक्य ने अपनी पत्नी रमा देवी (50) पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पति ने उसी चाकू से अपने पेट पर एक के बाद एक कई वार कर खुद को भी जख्मी कर लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जबकि, घायल पति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर लिया है। घटना जिले के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के नगला वैश्य की है।

गाजियाबाद : दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकले 28 वर्षीय सुशील कुमार की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश गन्ने के खेत में मिली। वो एक दिन पहले सुचेतापुरी कालोनी में दोस्त से मिलने निकला था, उसके बाद से वो लापता हो गया था। परिजन दिनभर उसकी तलाश करते रहे लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं लगा। अगले दिन मोदीनगर के गांव रोरी में उसकी लाश मिली। वो मोदीनगर के कृष्णापुरी कॉलोनी में रहता था।

Next Story

विविध