Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

कोरोना से संक्रमित हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां, अस्पताल में भर्ती

Janjwar Desk
9 Jun 2020 1:02 PM GMT
कोरोना से संक्रमित हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां, अस्पताल में भर्ती
x
भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां माधवी राजे सिंधिया में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों को चार दिन पहले दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद दोनों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि ज्योतिरादित्य में संक्रमण के लक्षण देखे गए थे, लेकिन उनकी मां में ऐसा कोई लक्षण नहीं देखा गया।

जनज्वार। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां माधवी राजे सिंधिया में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों को चार दिन पहले दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद दोनों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि ज्योतिरादित्य में संक्रमण के लक्षण देखे गए थे, लेकिन उनकी मां में ऐसा कोई लक्षण नहीं देखा गया।

बता दें कि लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहे सिंधिया मार्च में भाजपा से जुड़े थे। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री न बनाए जाने से नाराज सिंधिया के लंबे समय से कमलनाथ के साथ मतभेद चल रहे थे। इसके चलते उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और अपने साथ कमलनाथ खेमे के कई विधायक भी तोड़ लाए। इस वजह से मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार गिर गई। उसके बाद शिवराज सिंह चौहान चौथी बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।

भाजपा की सरकार बनवाने में मदद करने के बदले में सिंधिया को राज्यसभा की सीट ऑफर हुई है। भाजपा ने सिंधिया को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने की योजना बनाई है। 19 जून को होने वाले राज्यसभा चुनावों में सिंधिया की जीत पक्की मानी जा रही है। ये चुनाव पहले मार्च में होने थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण चुनाव नहीं हो सके थे। बीते 1 जून को चुनाव आयोग ने 19 जून को चुनाव कराने का ऐलान किया है।

सिंधिया से पहले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा में भी कोरोना वायरस के लक्षण देखे गए थे, जिसके बाद उन्हें गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी। सोमवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। डॉक्टर ने उन्हें पूरी तरह ठीक होने के लिए आराम की सलाह दी है। घर पहुंचने के बाद पात्रा ने ट्वीट कर लोगों का शुक्रिया अदा किया है।

इनके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल में भी कोरोना वायरस के लक्षण देखे गए हैं। इसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था। आज शाम उनका कोरोना वायरस टेस्ट होगा। वहीं पिछले महीने कांग्रेस नेता संजय झा संक्रमित पाए गए थे। उन्होंने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था, 'कृप्या संक्रमण के खतरे को हल्के में न लें। हम में से कोई भी इसका शिकार हो सकता है। सब लोग अपना ध्यान रखें।'

Janjwar Desk

Janjwar Desk

    Next Story

    विविध