Begin typing your search above and press return to search.
समाज

बिहार में स्टेशन जा रहे लोग हुए भयानक हादसे का शिकार, ग्रामीणों ने मदद के बजाय लूटपाट को दिया अंजाम

Janjwar Desk
8 Dec 2020 11:51 AM GMT
बिहार में स्टेशन जा रहे लोग हुए भयानक हादसे का शिकार, ग्रामीणों ने मदद के बजाय लूटपाट को दिया अंजाम
x

प्रतीकात्मक फोटो

एक्सीडेंट में बुरी तरह जख्मी हो गये थे 5 लोग और एक की हो गयी थी मौत, पीड़ित परिवार की मदद करने के बजाय ग्रामीणों ने दिया लूटपाट को अंजाम, गांव वाले पीड़ित परिवार के आधे से ज्यादा सामान लूटकर भाग गए....

जनज्वार ब्यूरो। बिहार में नीतीश की दोबारा भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनते ही मानवता को शर्मसार करने वाली तमाम घटनायें सामने आ रही हैं। ऐसी ही एक घटना सीवान जिले से सामने आयी है, जिसमें सड़क के एक तरफ लाश पड़ी थी, दूसरी तरफ कुछ घायल दर्द से कराह रहे थे, लेकिन गांव के लोग मदद करने के बजाय लूटपाट कर रहे थे।

घटना सीवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भंतोपोखर की है। यहां सड़क हादसे में कमांडर जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हुए। सड़क हादसा देख मौके पर गांव के लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने हादसे में घायल लोगों को मदद करने के बजाय उनके साथ जमकर लूटपाट की और घायलों का आधे से ज्यादा सामान लेकर आसपास के गांव में चले गये।

जानकारी के मुताबिक मैड़वा थाने क्षेत्र के फुलवारिया गांव के एक परिवार के 11 लोग मुंबई जाने के लिए सीवान रेलवे स्टेशन जा रहे थे। जीप में सवार लोगों का कहना है कि रास्ते में उनकी जीप के आगे और पीछे एक ट्रक चल रहा था। ट्रक वाला जान-बूझकर पीछे से साइड के लिए दबाव बना रहा था। इसी बीच जीप साइड देने के दौरान गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में पंचदेव सिंह की मौत हो गई और 4 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवार की मदद करने के बजाय उनके साथ लूटपाट की। घटनास्थल के पास के गांव वाले पीड़ित परिवार के आधे से ज्यादा सामान लूटकर भाग गए। इस हादसे में पिंकी कुमारी, छोटे लाल, बृजकिशोर सिंह गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मृतक की लाश को अपने कब्जे में लिया। साथ हादसे में घायल लोगों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया है। इसके अलावा पुलिस ने लूटपाट करने वाले कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है। दुर्घटना में घायल लोगों में से एक को पटना रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Next Story

विविध