Begin typing your search above and press return to search.
बिहार चुनाव 2020

बिहार चुनाव: प्रचार समाप्त होते ही दरभंगा में निर्दलीय प्रत्याशी को मारी गोली, स्थिति गंभीर

Janjwar Desk
6 Nov 2020 4:03 AM GMT
बिहार चुनाव: प्रचार समाप्त होते ही दरभंगा में निर्दलीय प्रत्याशी को मारी गोली, स्थिति गंभीर
x

प्रतीकात्मक फोटो

बिहार चुनावों के बीच अबतक एक प्रत्याशी की हत्या हो चुकी है, वहीं एक को गोली मारकर घायल कर दिया गया है, अंतिम चरण का चुनाव प्रचार थम चुका है...

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार चुनावों के बीच अबतक एक प्रत्याशी की हत्या हो चुकी है, वहीं एक को गोली मारकर घायल कर दिया गया है। अंतिम चरण का चुनाव प्रचार थम चुका है।

इस बीच दरभंगा के हायाघाट विधानसभा के निर्दलीय प्रत्याशी रविन्द्र नाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह को गुरुवार की देर रात अपराधियों ने गोली मार दी। चिंटू सिंह को दो गोली लगी है। बताया जा रहा है कि गाड़ी रोक कर बदमाशों ने चिंटू सिंह को गोली मारी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, निर्दलीय प्रत्याशी रविन्द्र नाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह गुरुवार को चुनाव प्रचार खत्म करके अपने गांव दुगौली लौट रहे थे। इसी दौरान उनको किसी का फोन आया। फोन आने के कुछ ही देर बाद उनकी कार को कोठरी के पास कुछ बदमाशों ने रोक लिया और फायरिंग शुरू कर दी। चिंटू सिंह को दो गोली लग गई।

गंभीर रूप से घायल चिंटू सिंह को डीएमसीएच में भर्ती करवाया गया है। एसपी सिटी अशोक प्रसाद का कहना है कि अभी गोली मारने के पीछे कारण स्पष्ट नहीं है। पीड़ित के होश में आने के बाद बयान लिया जाएगा। फिलहाल, हर पहलू की जांच की जा रही है, लेकिन पीड़ित के बयान का इंतजार है।

गौरतलब है कि हायाघाट विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी रविन्द्र नाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह ने लड़ाई को त्रिकोणीय बना दिया है। इस सीट आरजेडी ने भोला यादव और बीजेपी ने रामचंद्र साह को प्रत्याशी बनाया है। आरजेडी और बीजेपी को रविन्द्र नाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह कड़ी टक्कर दे रहे है। उनकी पहचान इलाके में एक समाजसेवी के रूप में है।

Next Story

विविध