Begin typing your search above and press return to search.
बिहार चुनाव 2020

तीसरे चरण में सर्वाधिक 44 उम्मीदवार राजद के, शरद यादव की बेटी और सुशांत के भाई समेत कई बड़े चेहरे मैदान में

Janjwar Desk
7 Nov 2020 3:48 AM GMT
तीसरे चरण में सर्वाधिक 44 उम्मीदवार राजद के, शरद यादव की बेटी और सुशांत के भाई समेत कई बड़े चेहरे मैदान में
x

File photo 

तीसरे चरण में 78 विधानसभा सीटों के साथ ही वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी वोटिंग हो रही है, इस सीट से जदयू के सांसद रहे बैजनाथ महतो का निधन हो गया था...

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में 78 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके साथ ही वाल्मीकिनगर लोकसभा उप चुनाव के लिए भी इस बार मतदान हो रहा है।

सुबह में हालांकि अभी वोटर कम निकले हैं, पर आशा की जा रही है कि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, वैसे-वैसे मतदान की गति में तेजी आएगी। इस चरण में मिथिलांचल और सीमांचल की कई महत्वपूर्ण सीटों पर भी मतदान हो रहा है। कई बूथों पर सुबह में ही वोटर लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

इस चरण में सर्वाधिक 31 प्रत्याशी मुजफ्फरपुर जिला के गायघाट और सबसे कम 9 प्रत्याशी ढाका, बहादुरगंज, जोकीहाट और त्रिवेणीगंज विधानसभा सीटों पर मैदान में हैं। इस चरण में सबसे ज्यादा 44 सीटों पर राजद, 35 पर लोजपा, 29 पर बीजेपी, 29 पर जदयू और 21 पर कांग्रेस मैदान में है। सर्वाधिक 3 लाख 70 हजार से ज्यादा वोटर सहरसा सीट पर हैं, जबकि सबसे कम 2 लाख 41 हजार वोटर दरभंगा के हायाघाट सीट पर हैं।

इस चरण में कुल 1204 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1094 पुरुष और 910 महिला प्रत्याशी हैं। इस चरण में महत्वपूर्ण उम्मीदवारों में जदयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव की पुत्री सुभाषिनी यादव, सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज कुमार बबलू भी मैदान में हैं।

शरद यादव ने फिलहाल अपनी अलग पार्टी बना ली है। सुभाषिनी कांग्रेस के टिकट पर बिहारीगंज से चुनाव लड़ रहीं हैं, जबकि नीरज कुमार बबलू छातापुर से बीजेपी की ओर से मैदान में हैं। इस फेज में 74 सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक, जबकि 4 सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी।

बात अगर मतदाताओं की संख्या की करें, तो तीसरे चरण के मतदान में कुल 2,35,54,071 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1,23,25,780 पुरुष मतदाता हैं, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1,12,05,378 है। इस अंतिम चरण में ट्रांसजेंडर मतदाताओं की कुल संख्या 894 है। वहीं सर्विस वोटर्स की कुल संख्या 22,019 है। सर्विस वोटर्स में 21,019 पुरुष और 1000 महिला मतदाता शामिल हैं।

तीसरे चरण में 78 विधानसभा सीटों के साथ ही वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी वोटिंग हो रही है। इस सीट से जदयू के सांसद रहे बैजनाथ महतो का निधन हो गया था। इसके बाद यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। उपचुनाव में इस सीट पर कांग्रेस और जेडीयू के बीच सीधा मुकाबला है। जनता दल यूनाइटेड ने इस सीट से बैजनाथ महतो के बेटे को चुनाव मैदान में उतारा है।

Next Story

विविध