बजाज ऑटो, नील मेटल, बेलराइज, इंटरपंप हाइड्रॉलिक्स प्रबंधन के खिलाफ मजदूर नेताओं ने सौंपा उप श्रमायुक्त को ज्ञापन, कहा नहीं सुनी बात तो सिडकुल के मजदूर होंगे बड़े आंदोलन को मजबूर

Rudrpur। श्रमिक संयुक्त मोर्चा ऊधम सिंह नगर की ओर से श्रम भवन रुद्रपुर में प्रदर्शन करके उप श्रमायुक्त को ज्ञापन दिया गया। इस दौरान विभिन्न कंपनियों में अविधिक स्थानांतरण पर रोक लगाने, माननीय न्यायालयों के आदेशों का अनुपालन कराने, ट्रेड यूनियनों से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण आदि श्रमिक मुद्दों को उठाया गया।
बजाज ऑटो, नील मेटल, बेलराइज, इंटरपंप हाइड्रॉलिक्स यदि के श्रमिकों के आवधिक स्थानांतरण पर तत्काल रोक लगाने तथा व्हेरॉक, अपेक्स बिल्डसिस, इंटरार्क आदि में माननीय न्यायालयों के आदेशों का परिपालन कराते हुए समस्त पीड़ित श्रमिकों की तत्काल कार्यबहाली कराने और डेल्टा, भगवती आदि यूनियन विधान संशोधन पंजीकृत करने एवं श्रमिक समस्याओं और विवादों के त्वरित निस्तारण की माँग उठाई गई।
इस दौरान श्रमिक नेताओं ने कहा कि सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां के प्रबंधन द्वारा यूनियन अधिकारों पर अंकुश लगाने की दृष्टि से मज़दूरों का प्रतिशोधपूर्ण अविधिक स्थानांतरण किया जा रहा है। वर्तमान में बजाज ऑटो के 6 श्रमिकों, नील मेटल के 4 श्रमिकों, बेलराइज (बड़वे) में दर्जनों श्रमिकों व यूनियन बनाने की पहल लेने पर इंटरपंप हाइड्रॉलिक्स यूनियन के निर्वाचित अध्यक्ष रमेश गोस्वामी की इसी हथियार के तहत राज्य से बाहर गैरक़ानूनी स्थानांतरण किया गया है। ये बेहद रोष पैदा कर रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि माननीय न्यायालयों के आदेशों का अनुपालन नहीं हो रहा है। व्हेरॉक कंपनी के डीए रावत के पक्ष में औद्योगिक न्यायाधीकरण के आदेश के बावजूद अभी तक कार्यबहाली नहीं हुई। अपेक्स बिल्डसिस में एनसीएलटी के निर्देशों के अनुसार सभी 102 स्थाई श्रमिकों की सवेतन कार्यबहाली नहीं हो रही है। श्रम न्यायालय के आदेश के बावजूद इंटरार्क श्रमिक दीनानाथ शुक्ला की अब तक कार्यबहाली नहीं हुई। डेल्टा व भगवती आदि यूनियन के विधान संशोधन की फाइलें लंबे समय से श्रम विभाग में लंबित पड़ी हैं।
श्रमिक नेताओं ने कहा कि तमाम मामलों पर श्रम विभाग न्यायपूर्ण समाधान की जगह मज़दूरों को परेशान कर रहा है। इससे क्षेत्र के मज़दूरों में व्यापक रोष बढ़ रहा है। यदि श्रम अधिकारी प्रबंधन की मनमानी पर रोक लगाने और श्रमिकों को न्याय देने हेतु ठोस क़दम नहीं उठाते हैं तो श्रमिक संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में सिड़कुल के मज़दूर बड़े आन्दोलनात्मक कार्रवाई को ओर जाने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, महासचिव चंद्र मोहन लखेड़ा, सीएसटीयू के महासचिव मुकुल, पवन कुमार नील मेटल कामगार संगठन, साहब सिंह बेलराइस वर्कर्स यूनियन, रमेश नाथ गोस्वामी इंटर पंप हाइड्रोलिक इंडिया, संदीप कुमार बजाज ऑटो लिमिटेड पंतनगर, सौरभ कुमार इंटर मजदूर संगठन, सौरभ कुमार इंकलाबी मजदूर केंद्र, सुब्रत कुमार, सीएनजी टेंपो यूनियन, सुनील दिवाकर एडविक कर्मचारी संगठन, हरेन्द्र सिंह नैथानी करोलिया लाइटिंग एम्पलाई यूनियन, संजय सिंह नेगी नेस्ले कर्मचारी संगठन के नेतृत्व में सैकड़ों मज़दूर उपस्थित थे।
























