जनज्वार। उत्तराखंड की सल्ट विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में आज 12 नवंबर की तड़के कोरोना से निधन हो गया। उनका यहां कुछ दिन से कोरोना का ट्रीटमेंट चल रहा था।
सुरेंद्र सिंह जीना अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक थे। कुछ ही दिन पहले उनकी पत्नी धरमा देवी की हार्ट अटैक के चलते मौत हुई थी।
भाजपा विधायक जीना के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने शोक जताते हुए कहा, "जीना हमारे युवा, ऊर्जावान और योग्य कार्यकर्त्ता और विधायक थे और हमेशा संगठन व जनहित में सक्रिय रहते थे। वे एक शालीन व्यक्ति थे और हर वर्ग में लोकप्रिय थे। उनके निधन से पार्टी व समाज को अपूर्णनीय क्षति हुई है।"
बंशीधर भगत ने गहरा शोक जताते हुए कहा, 'ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे व उनके परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति दे। हाल में उनकी पत्नी का निधन हुआ था और अब उनके निधन से परिवार पर अवर्णनीय दुःख आ पड़ा है। ईश्वर यह दोहरा दुःख सहन करने की शक्ति परिवार को दे।'
जीना के निधन पर सोशल मीडिया पर लोगों ने शोक व्यक्त किया है।