Begin typing your search above and press return to search.
पर्यावरण

60 देशों के 520 वैज्ञानिकों के शोधपत्र में खुलासा, समय के साथ तापमान बढ़ने की दर भी बढ़ रही है लगातार

Janjwar Desk
10 Jan 2021 1:09 PM GMT
60 देशों के 520 वैज्ञानिकों के शोधपत्र में खुलासा, समय के साथ तापमान बढ़ने की दर भी बढ़ रही है लगातार
x
1880 के बाद से हरेक अगला दशक पिछले दशक की तुलना में 0.07 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म रहा है, पर पिछले दशक में यह वृद्धि 0.39 डिग्री रही है, इसका सीधा सा मतलब है कि समय के साथ तापमान बढ़ने की दर भी बढ़ती जा रही है, इस शोधपत्र को दुनिया के 60 देशों के 520 वैज्ञानिकों ने तैयार किया है...

वरिष्ठ लेखक महेंद्र पाण्डेय की टिप्पणी

जनज्वार। जलवायु परिवर्तन और तापमान बृद्धि से सम्बंधित सबूत वैज्ञानिक लगातार दुनिया के सामने ला रहे हैं, फिर भी हरेक जगह ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन बढ़ रहा है और दूसरी तरफ हरेक देश दुनिया को इसे नियंत्रित करने की प्रतिबद्धता बता रहा है।

हाल में ही यूरोपियन यूनियन के कूपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विसेज द्वारा प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2020 औद्योगिक युग के आरम्भ होने के बाद, यानि वर्ष 1750 से 1800 के बाद का सबसे गर्म वर्ष रहा है। दरअसल, वर्ष 2020 और वर्ष 2016 में पृथ्वी का समान औसत तापमान पाया गया, पर वर्ष 2016 में दुनिया एलनीनो की चपेट में थी, जो पृथ्वी का तापमान प्राकृतिक तौर पर बढाता है।

वर्ष 2020 में ऐसा कुछ नहीं था, इसीलिए समान तापमान के बाद भी वर्ष 2020 को सबसे गर्म वर्ष माना गया है। पिछले 6 वर्ष आधुनिक दौर के 6 सबसे गर्म वर्ष रहे हैं और पिछला दशक सबसे गर्म दशक रहा है। वर्ष 2020 के दौरान पृथ्वी का औसत तापमान पूर्व-औद्योगिक काल की तुलना में 1.25 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि पेरिस समझौते के तहत इस शताब्दी के अंत तक तापमान बढ़ोत्तरी को पूर्व-औद्योगिक काल की तुलना में 1.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं बढ़ने देने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरी तरफ इस तापमान के नजदीक तो दुनिया 2020 में ही पहुँच गई।

वर्ष 2020 को दुनिया के सबसे ठंढे क्षेत्र उत्तरी ध्रुव और साइबेरिया में भी गर्मी के प्रभाव के लिए याद किया जाएगा और इन क्षेत्रों के जंगलों में आग लगाने की घटनाएं भी रिकॉर्ड स्तर तक पहुँच गईं थी। उत्तरी ध्रुव और साइबेरिया का औसत तापमान वर्ष 2020 में इस क्षेत्र के दीर्घकालीन औसत तापमान से 3 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा और कुछ क्षेत्रों में तो यह 6 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक था।

उत्तरी ध्रुव पर जमी बर्फ भी अब तक के सबसे निचले स्तर तक पहुँच गई है। तापमान बृद्धि के असर से खतरनाक चक्रवातों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है, वर्ष 2020 के दौरान अटलांटिक के क्षेत्र में 29 चक्रवात दर्ज किये गए। यूरोप के लिए वर्ष 2020 सबसे गर्म वर्ष था और औसत तापमान सामान्य की तुलना में 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड मेटेरिओलोजिकल आर्गेनाईजेशन की ग्रीनहाउस गैसों से सम्बंधित बुलेटिन में बताया गया है कि कोविड 19 के कारण दुनियाभर में सभी गतिविधियों के रुकने के बाद भी वर्ष 2020 के दौरान ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी दर्ज की गई थी।

पिछले वर्ष सितम्बर के दौरान वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड की औसत सांद्रता लगभग 411 पीपीएम रही, जबकि सितम्बर 2019 में इसकी सांद्रता 408 पीपीएम थी। किसी भी एक वर्ष के दौरान यह सबसे बड़ी बृद्धि है और यह बृद्धि तब है जबकि पिछले वर्ष दुनियाभर में लॉकडाउन के कारण उत्सर्जन में 4.2 से 7.4 प्रतिशत के बीच कमी आंकी गई है।

ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में इस बेतहाशा बढ़ोत्तरी के बीच वैज्ञानिकों का आकलन है कि यदि तापमान बृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक रोकना है तो अगले दस वर्षों के भीतर इन गैसों के उत्सर्जन को आधा करना होगा।

यूनाइटेड किंगडम मेटेरियोलोजिकल ऑफिस के अनुसार इस वर्ष यानि 2021 में कार्बन डाइऑक्साइड की वायुमंडल में सांद्रता पूर्व-औद्योगिक काल की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक पहुँच जायेगी। पूर्व-औद्योगिक काल में कार्बन डाइऑक्साइड की वायुमंडल में सांद्रता 278 पीपीएम थी और वर्ष 2021 में इसकी सांद्रता 417 पीपीएम तक पहुँच जायेगी।

सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि कार्बन डाइऑक्साइड की सांद्रता को 25 प्रतिशत तक बढ़ने में लगभग 200 वर्ष लगे, जबकि इसके बाद 50 प्रतिशत तक बढ़ने में महज 30 वर्ष लगे। पहली बार वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड की सांद्रता 410 पीपीएम के पार वर्ष 2015 में पहुँची थी। इससे पहले ऐसी स्थिति 30 से 50 लाख वर्ष पहले आई थी, तब औसत तापमान 2 से 3 डिग्री अधिक था और सागर तल 10 से 20 मीटर अधिक था। पर इस दौर में जो हो रहा है वह पहले से अधिक विनाशकारी होगा क्योंकि 30 से 50 लाख वर्ष पहले पृथ्वी पर लगभग 8 अरब लोग नहीं थे। औद्योगिक युग के पहले यानि 1750 की तुलना में इस दौर में कार्बन डाइऑक्साइड की वायुमंडल में सांद्रता 50 प्रतिशत कम थी।

वर्ष 1750 की तुलना में मीथेन की सांद्रता वायुमंडल में लगभग ढाई गुना बढ़ चुकी है और यह गैस कुल तापमान बढ़ोत्तरी में से 17 प्रतिशत के लिए जिम्मेदार है। नाइट्रस ऑक्साइड भी एक प्रमुख ग्रीनहाउस गैस है और इसकी सांद्रता वायुमंडल में 23 प्रतिशत बढ़ चुकी है। जाहिर है कि सभी ग्रीनहाउस गैसों की सांद्रता वायुमंडल में निर्बाध गति से बढ़ती जा रही है और इसके परिणाम भी सामने आ रहे हैं।

अमेरिका के मेटेरियोलोजी सोसाइटी के बुलेटिन में प्रकाशित एक शोधपत्र के अनुसार दुनिया में तापमान का जब से रिकॉर्ड रखा जा रहा है, उसके बाद से पिछला दशक ;2010.2019 सबसे गर्म रहा है। वर्ष 1980 के बाद से आने वाला हरेक दशक पिछले दशक से अधिक गर्म रहा है।

वर्ष 1880 के बाद से हरेक अगला दशक पिछले दशक की तुलना में 0.07 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म रहा है, पर पिछले दशक में यह बृद्धि 0.39 डिग्री रही है। इसका सीधा सा मतलब है कि समय के साथ-साथ तापमान बढ़ने की दर भी बढ़ती जा रही है। इस शोधपत्र को दुनिया के 60 देशों के 520 वैज्ञानिकों ने तैयार किया है।

वर्ष 2014 से वर्ष 2020 तक के वर्ष के बीच पृथ्वी का औसत तापमान हमारे इतिहास का सबसे गर्म दौर घोषित किया जा चुका है। इस दौरान अमेरिका, यूरोप और भारत में तापमान के सभी पिछले रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। उत्तरी ध्रुव और दक्षिणी ध्रुव पर सदियों से जमी बर्फ तेजी से पिघलती रही, बड़ी बाढ़ों और चक्रवातों की घटनाएँ बढ़ गयीं, प्रजातियों के विलुप्तीकरण की दर किसी भी दौर से अधिक हो गई। इस दौर में जंगलों और झाड़ियों में आग लगाने की दर ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, ग्रीस और फिलीपींस में अत्यधिक रहीं।

वर्ष 2020 तक पृथ्वी का औसत तापमान औद्योगिक काल से पहले के वर्षों की तुलना में 1.25 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। पेन स्टेट यूनिवर्सिटी के जलवायु विशेषज्ञ माइकल मान के अनुसार यदि तापमान में बढ़ोत्तरी को 1.5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रखना है तब दुनिया में ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को आधा से भी कम करना पड़ेगा, पर इस सम्भावना नजर नहीं आती।

ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी की संभावना भले ही न नजर आ रही हो, पर जलवायु परिवर्तन और तापमान वृद्धि के सारे प्रभाव स्पष्ट हैं। महासागरों का तापमान भी बढ़ रहा है और वर्ष 2019 में यह तापमान वर्ष 2016 के बाद सबसे अधिक रहा। पिछले 30 वर्षों के दौरान सागर तल में औसतन 8.64 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी हो गई है।

वर्ष 2019 में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन पिछले 8 लाख वर्षों में सर्वाधिक रहा है, यह आकलन दोनों ध्रुवों पर जमी बर्फ के बीच उपलब्ध हवा के विश्लेषण से किया गया है।

पूर्व-औद्योगिक काल की तुलना में तापमान 1.25 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है और ऐसी ही स्थितियां बनी रहीं तब वर्ष 2050 तक तापमान में बढ़ोत्तरी 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच जायेगी और पेरिस समझौते के तहत जिस 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी का लक्ष्य रखा गया था, वह कहीं से पूरा नहीं होगा।

Next Story

विविध