Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Aaj Ka Mausam: गुलाब और शाहीन के बाद चक्रवात जवाद का अलर्ट, जानिए किन राज्यों में होगा असर

Janjwar Desk
8 Oct 2021 6:52 PM GMT
Aaj Ka Mausam: गुलाब और शाहीन के बाद चक्रवात जवाद का अलर्ट, जानिए किन राज्यों में होगा असर
x
Aaj Ka Mausam: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो उत्तरी अंडमान के समुद्र में 10 अक्टूबर के आसपास लो प्रेशर के सक्रिय होने की आशंका है... इसके बाद अगले चार-पांच दिनों में इसके दक्षिणी ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने के संभावना है...

Aaj Ka Mausam: देश भर में जहां 6 अक्टूबर से मॉनसून की वापसी शुरू हो गई है, वहीं भारतीय मौसम विभाग ने एक नए चक्रवात की संभावना जताई है। चक्रवात गुलाब और शाहीन के बाद एक बार फिर से देश पर साइक्लोन का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में अरब सागर में लो प्रेशर के सक्रिय होने की संभावना बन रही है। इसी बीच तापमान में वृद्धि से अगर गर्मी बढ़ती रही तो लो प्रेशर चक्रवात में बदल सकता है। इस चक्रवात को साउदी अरब ने 'जवाद' नाम दिया गया है, जिसका मतलब है 'उदार'।

10 अक्टूबर से सक्रिय हो सकता है चक्रवात

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो उत्तरी अंडमान के समुद्र में 10 अक्टूबर के आसपास लो प्रेशर के सक्रिय होने की आशंका है। इसके बाद अगले चार-पांच दिनों में इसके दक्षिणी ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने के संभावना है। इससे ओडिसा, आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

आपको बता दें कि इससे पहले 26 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण चक्रवात 'गुलाब' सक्रिय हुआ था। गुलाब के कारण पश्चिम बंगाल, ओडिसा, आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हुई थी। बंगाल की खाड़ी से उठा ये चक्रवात अरब सागर तक पहुंच गया और साइक्लोन 'शाहीन' में तब्दील हो गया। चक्रवात शाहीन के कारण गुजरात, राजस्थान में कुछ दिन बारिश देखने को मिला था। हालांकि, शाहीन का प्रभाव पाकिस्तान में ज्यादा देखने को मिला।

आपको बता दें कि सितंबर-अक्टूबर के बीच यह देश में तीसरा चक्रवात है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार चक्रवात 'जवाद' के कारण 10 अक्टूबर के बाद से अगले 5 दिनों तक उत्तरी अंडमान में भारी बारिश होने की आंशका है। वहीं लक्षद्वीप, आंतरिक तमिलनाडु, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ में भी जोरदार बारिश हो सकती है। इन सभी राज्यों चक्रवात के संभावना के बीच अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक महाराष्ट्र और गोवा में भी बारिश की संभावना है। 10 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो इन क्षेत्रों में 11 अक्टूबर को भी झमाझम बारिश हो सकती है.

अन्य राज्यों में मौसम का हाल

मौसम विभाग की माने तो राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक सूरज और बादलों के बीच आंख मिचौली का खेल जारी रहने वाला है। इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने की संभावना है जबकि न्यूतम तापमान करीब 24 डिग्री रहने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली में हवा की गति करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर पश्चिम भारत से दक्षिण पश्चिम भारत से मानसून 17 सितंबर के बाद से ही लौटना शुरू कर देता है। लेकिन इस साल मानसून की वापसी देर से हो रही है। पश्चिमी राजस्थान से 6 अक्टूबर से ही मॉनसून की वापसी की परिस्थितियां अनुकूल बन रही थी। मॉनसीन के वापसी के साथ ही राजस्थान और गुजरात में लोगों को गर्मी सताने लगा है।

हालांकि, उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य पूर्वी राज्यों में मॉनसून की वापसी 15 अक्टूबर तक होगी। इस दौरान इन राज्यों में हल्की सो मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। देश के अलग अलग राज्यों में मौसम का मिजाजभी अलग देखने को मिल रहा है।

Next Story

विविध