Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

राम मंदिर घोटाले पर बोले BJP सांसद साक्षी महाराज, रसीद दिखाकर अपना दान वापस ले लें संजय सिंह और अखिलेश यादव

Janjwar Desk
17 Jun 2021 2:52 PM IST
राम मंदिर घोटाले पर बोले BJP सांसद साक्षी महाराज, रसीद दिखाकर अपना दान वापस ले लें संजय सिंह और अखिलेश यादव
x

उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने संजय सिंह व अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि रसीद दिखाकर चंदा वापस ले जाएं.

भाजपा सांसद ने कहा कि 'ऐसे व्यक्ति पर आरोप लगाना सही नहीं है। फिर भी, यदि आप पार्टी के संजय सिंह ने राम मंदिर के लिए कुछ दान किया है, तो वह रसीद दिखाकर अपना दान वापस ले सकते हैं...

जनज्वार, उन्नाव। बीजेपी से सांसद साक्षी महाराज पिर बोले हैं। उन्होने कहा है कि जो लोग राम मंदिर निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, वह अपनी-अपनी रसीदें दिखाकर चंदा वापस ले लें। बुधवार को सांसद ने कहा कि जो नेता अब आरोप लगा रहे हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने राम भक्तों पर गोलियां चलाई थीं।

सांसद उन्नाव साक्षी महाराज ने कहा 'उन्होंने कहा था कि वे बाबरी मस्जिद के पास एक पक्षी को भी नहीं जाने देंगे। उनके दंभ का करारा जवाब दिया गया है और राम जन्मभूमि स्थल पर एक भव्य मंदिर बन रहा है। ऐसे लोगों के पास निराधार आरोप लगाने के अलावा और कुछ नहीं है।'

साक्षी महाराज ने कहा कि जहां तक चंपत राय की बात है तो जितना मैं जानता हूँ, उन्होंने अपना पूरा जीवन भगवान राम को समर्पित कर दिया है। भाजपा सांसद ने कहा कि 'ऐसे व्यक्ति पर आरोप लगाना सही नहीं है। फिर भी, यदि आप पार्टी के संजय सिंह ने राम मंदिर के लिए कुछ दान किया है, तो वह रसीद दिखाकर अपना दान वापस ले सकते हैं। अखिलेश यादव ने दान दिया है, तो वह भी अपना दान वापस ले सकते हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने राम मंदिर का कड़ा विरोध किया था।'

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद व यूपी प्रभारी संजय सिंह ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी जांच सीबीआई और ईडी से कराने की मांग की थी। संजय सिंह ने लखनऊ में दावा किया था कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने संस्था के सदस्य अनिल मिश्रा की मदद से दो करोड़ रुपए कीमत की जमीन 18 करोड़ रुपए में खरीदी।

आप सांसद ने कहा था कि यह सीधे-सीधे मनी लॉन्ड्रिंग का मामला बनता है और सरकार इसकी सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय से जांच कराये। इससे पहले आप सांसद संजय सिंह के घर में हुए कथित हमले को लेकर भी राजनीति गर्मा रही है। संजय सिंह ने घर पर हुए हमले को लेकर भाजपा तथा उनके कथित गुंडों पर आरोप लगाया था।

Next Story

विविध

News Hub