Begin typing your search above and press return to search.
दिल्ली

भाजपा सांसद मनोज तिवारी बोले- तेजस्वी यादव ने नक्सलियों से किया समझौता, NDA को मिलेंगी कहीं ज्यादा सीटें

Janjwar Desk
25 Oct 2020 6:02 AM GMT
भाजपा सांसद मनोज तिवारी बोले- तेजस्वी यादव ने नक्सलियों से किया समझौता, NDA को मिलेंगी कहीं ज्यादा सीटें
x
मनोज तिवारी ने कहा कि बिहार के लोग बहुत नाराज हैं, क्योंकि बिहार अब शांति के रास्ते पर निकल पड़ा है, वह मारकाट और नक्सलवाद में नहीं जाना चाहता और कांग्रेस भी उनके साथ है......

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि बिहार चुनाव में दो पक्षीय लड़ाई है। लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने जिस माले से समझौता किया है, वो नक्सली लोग हैं। एनडीए गठबंधन पिछली बार से कहीं अधिक सीटें जीतेगा।

मनोज तिवारी ने आगे कहा कि बिहार के लोग बहुत नाराज हैं, क्योंकि बिहार अब शांति के रास्ते पर निकल पड़ा है। वह मारकाट और नक्सलवाद में नहीं जाना चाहता और कांग्रेस भी उनके साथ है। वही कांग्रेस जिसने सुशांत सिंह राजपूत के केस में एक एफआईआर तक नहीं होने दी। वह सीबीआई जांच का भी विरोध कर रहे हैं। आज भी उन्होंने सीबीआई के लिए तमाम तरह की अड़चनें लगाईं हैं। ऐसे गठबंधन को बिहार जवाब देगा ही।

भाजपा सांसद ने आगे कहा कि रामलीला को बचाना बहुत जरूरी है। हमारे देश में इतने लोग साक्षर ही नहीं थे तो रामायण पढ़े कैसे होंगे, फिर भी राम जी घर-घर में हैं। सीता जी की मर्यादा घर-घर में है। रावण के अहंकार से भी हर कोई सावधान है तो रामलीला का जितना प्रचार-प्रसार हो सके, मैं उसी भूमिका में हूं। मैं रामलीला का प्रचार-प्रसार कर रहा हूं। दुनिया भर में लोग जाने कि भारत की संस्कृति भगवान राम की संस्कृति है और रावण की संस्कृति से हमेशा दूर रहना है।

उन्होंने कहा कि जिसने रामायण को अच्छे से पढ़ लिया और मन में उतार लिया और वह समाज सेवा में है, राजनीति में है तब वह फिर बीजेपी जॉइन कर लेगा। मैंने ऐसा इसलिए कहा कि जब आप राम की मर्यादा को समझेंगे तो फिर आप को भारतीय जनता पार्टी से अच्छी कोई पार्टी नहीं लगेगी और वह निश्चित रूप से मोदी जी के साथ चला जाएगा।

Next Story

विविध