Begin typing your search above and press return to search.
झारखंड

झारखंड सरकार में मंत्री व झामुमो नेता हाजी हुसैन अंसारी का कोरोना संक्रमण के बाद निधन

Janjwar Desk
3 Oct 2020 1:04 PM GMT
झारखंड सरकार में मंत्री व झामुमो नेता हाजी हुसैन अंसारी का कोरोना संक्रमण के बाद निधन
x

हाजी हुसैन अंसारी का फाइल फोटो।

देवघर जिले के पिपरा गांव में 23 जुलाई 1947 को जन्मे हाजी हुसैन अंसारी झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के करीबी राजनैतिक सहयोगी और झामुमो के प्रमुख मुसलिम चेहरा थे।

जनज्वार। झारखंड सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी (Haji Hussain Ansari) का शनिवार ( 3 october 2020) को कोरोना संक्रमण की वजह से निधन हो गया। हाजी हुसैन अंसारी का इलाज रांची के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। हाजी हुसैन अंसारी देवघर जिले की मधुपुर विधान सभा सीट से विधायक थे।

73 वर्षीया हाजी हुसैन अंसारी बीते दिनों कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे, लेकिन शुक्रवार को करायी गई जांच में उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आयी थी। हालांकि वे डाॅक्टरों की निगरानी मेें बने हुए थे।

हाजी हुसैन अंसारी के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य के सभी प्रमुख नेताओं व दलों ने शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए ट्विटर पर लिखा : सरकार में मेरे साथी हाजी हुसैन अंसारी के निधन से अत्यंत आहत हूं। हाजी साहब ने झारखंड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई थी। वह सरल भाव और दृढ विश्वास वाले जन नेता थे। परमात्मा हाजी साहब की आत्मा को शांति प्रदान कर परिवार को दुःख सहने की शक्ति दें।

वहीं, विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए ट्विटर पर लिखा कि राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध और दुःखी हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे तथा परिजनों को इस अपार दुःख की घड़ी को सहने की शक्ति दें।

जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने उनके निधन पर लिखा : कोविड-19 ने एक और अज़ीम शख्शियत की जान ले ली। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री जनाब हाजी हुसैन अंसारी साहब का आज इंतकाल हो गया। इस खबर से मुझे गहरा सदमा लगा है। वे मेरे अजीज थे, एक नेकदिल इंसान थे। उपर वाला उनकी पाक़ रूह को जन्नत बख्शे, ग़मज़दा परिवार को हिम्मत दे।

देवघर जिले के पिपरा गांव में 23 जुलाई 1947 को जन्मे हाजी हुसैन अंसारी झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के करीबी राजनैतिक सहयोगी और झामुमो के प्रमुख मुसलिम चेहरा थे।

झामुमो के महासचिव व प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हाजी साहब को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। कोरोना से जंग जीतने के बाद वे जिंदगी की जंग हार गए। उनका निधन पार्टी के अपूरणीय क्षति है।

मालूम हो कि झारखंड में अबतक चार मंत्री कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें हाजी हुसैन अंसारी के अलावा जगरनाथ महतो, मिथिलेश ठाकुर व बन्ना गुप्ता का शामिल हैं। मिथिलेश ठाकुर व बन्ना गुप्ता स्वस्थ हो चुके हैं, वहीं जगरनाथ महतो का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

बाबूलाल मरांडी, आजसू प्रमुख सुदेश महतो सहित राज्य के कई प्रमुख नेता भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

Next Story

विविध