Begin typing your search above and press return to search.
झारखंड

झारखंड में मंत्री मिथिलेश ठाकुर, विधायक मथुरा महतो सहित कई कोरोना संक्रमित, मंत्री जी के गृह प्रवेश पार्टी ने बढाई चिंता

Janjwar Desk
8 July 2020 2:51 AM GMT
झारखंड में मंत्री मिथिलेश ठाकुर, विधायक मथुरा महतो सहित कई कोरोना संक्रमित, मंत्री जी के गृह प्रवेश पार्टी ने बढाई चिंता
x

MLA Mathura Mahato & Minister Mitihilesh Thakur

बिहार के बाद अब झारखंड में पहली बार मंत्रियों व राजनेताओं में कोरोना संक्रमण के मामले पाए गए

जनज्वार, रांची। झारखंड में मंगलवार (7 july 2020) को कोरोना संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक संख्या मिलने से इस महामारी को लेकर राज्य में आशंकाएं बढ गईं हैं। मंगलवार को राज्य में कुल 161 कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिसमें सर्वाधिक 58 पूर्वी सिंहभूम जिले के हैं, जबकि 31 धनबाद के, 28 रामगढ के और 20 रांची के हैं। राज्य में झामुमो नेता व मंत्री मिथिलेश ठाकुर व झामुमो के विधायक व पूर्व मंत्री मथुरा महतो भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैे। इसके अलावा धनबाद के कुछ पत्रकार भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।

मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने तीन जुलाई को रांची में गृह प्रवेश की पार्टी आयोजित की थी, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई मंत्री, विधायक व अन्य शामिल हुए थे। रांची जिला प्रशासन इस आयोजन में शामिल लोगों का पता लगा रहा है और सभी आमंत्रितों को क्वारंटीन में जाने के लिए कहा जा सकता है। सोमवार को तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार सुबह मंत्री मिथिलेश ठाकुर जांच के लिए स्वाब दिया। शाम में रिपोर्ट आई तो वे पाजिटिव पाए गए।

वहीं, विधायक मथुरा महतो दो दिन पहले रांची से दांत का इलाज करा कर धनबाद लौटे थे। इसके बाद उन्हें हल्का बुखार व खांसी था और उन्होंने खुद अपनी जांच कराने की पहल की। मथुरा महतो सोमवार व मंगलवार को कम से कम चार कार्यक्रमों में शामिल हुए और कई लोगों के संपर्क में आए, ऐसे में उनके संपर्क में आए लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं हैं। मंगलवार की सुबह ही उन्होंने अपने स्वाब को जांच के लिए दिया था और शाम में रिपोर्ट पाजिटिव आया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। विधायक का अगर स्वास्थ्य ठीक नहीं था और उन्होंने अपने स्वाब जांच के लिए दिया तो इस बीच वे अपने सार्वजनिक कार्यक्रमों को रोक सकते थे।

मंत्री मिथिलेश ठाकुर को मंगलवार रात रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, विधायक मथुरा महतो को धनबाद को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को राज्य में दो कोरोना मरीजों की मौत भी हुई है। दोनों मरीज धनबाद के रहने वाले हैं, एक की मौत रांची के रिम्स में जबकि एक की धनबाद के कोविड अस्पताल में हुई। झारखंड में कोरोना से अबतक 22 लोगों की जान जा चुकी है और 3038 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें 2104 स्वस्थ हो चुके हैं और 906 एक्टिव केस हैं।

Next Story

विविध