Begin typing your search above and press return to search.
मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश : शिवराज सिंह चौहान ने किया गौ कैबिनेट बनाने का ऐलान, 22 नवंबर को होगी पहली बैठक

Janjwar Desk
18 Nov 2020 3:39 AM GMT
मध्यप्रदेश : शिवराज सिंह चौहान ने किया गौ कैबिनेट बनाने का ऐलान, 22 नवंबर को होगी पहली बैठक
x
भारत में पहले कुछ राज्य सरकारों ने कृषि कैबिनेट व महिला कैबिनेट बनाने जैसी पहल की है, अब शिवराज ने उस सिलसिले को आगे बढाते हुए अब गौ कैबिनेट बनाने का निर्णय लिया है...

जनज्वार। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में गौ संरक्षण व संवर्द्धन के लिए गौ कैबिनेट बनाने का ऐलान किया। शिवराज सिंह चौहान बुधवार सुबह एक ट्वीट कर कहा कि प्रदेश में गोधन संरक्षण और संवर्धन के लिए गौ कैबिनेट गठित करने का निर्णय लिया गया है। पशुपालन, वन, पंचायत व ग्रामीण विकास, राजस्व, गृह और किसान कल्याण विभाग गौ केबिनेट में शामिल होंगे।

यानी गौ कैबिनेट की जब बैठक होगी तो इन विभागों के मंत्री उसमें शामिल होंगे। शिवराज ने बताया है कि 22 नवंबर को गोपाष्टमी के मौके पर दोपहर 12 बजे गौ अभ्यारण, आगर मालवा में गौ कैबिनेट की पहली बैठक होगी। संभावना है कि इस बैठक में शिवराज राज्य में गौर संरक्षण के लिए कुछ बड़े निर्णय लें और उसका ऐलान करें।

दरअसल, मध्यप्रदेश की राजनीति पिछले कुछ सालों से गौ केंद्रित हो गई है। 2018 के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में गाय एक बड़ा चुनावी मुद्दा थी। भाजपा के शिवराज और कांग्रेस के कमलनाथ दोनों इस मुद्दे पर आमने सामने थे। कांग्रेस ने भी अपने चुनावी वादे में गाय संरक्षण का उल्लेख किया था। कांग्रेस ने हर पंचायत में गौशाला निर्माण व सड़क पर गाय के विचरण पर रोक लगाने का भरोसा दिलाया था। इसके लिए अनुदान देने का भी वादा किया गया था।

कमलनाथ ने गाय संरक्षण के लिए लिया अपनी कम अवधि की सरकार में कई फैसले लिए और अब जब शिवराज सरकार में आए हैं और उपचुनाव में उन्होंने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है तो वे गाय संरक्षण को लेकर बड़े फैसले लेने जा रहे हैं।

कमलनाथ सरकार ने संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया था सड़कों पर गाय नहीं दिखनी चाहिए। साथ ही गौपूजा करने व पहले चरण में एक हजार गौशाला व अगले चरण में दो हजार गौशाला निर्माण कराने जैसे ऐलान किए थे। माना जाता है कि कांग्रेस ने ऐसा कर शाॅफ्ट हिंदुत्व का रास्ता चुना था। अब शिवराज ने कमलनाथ सरकार के कार्याें को मात देने के लिए गौ प्रेम दिखाया है।

भारत में इससे पहले राज्यों द्वारा कृषि विकास के लिए कृषि कैबिनेट और महिला विकास के लिए महिला कैबिनेट बनाने की पहल हुई है। शिवराज सिंह ने अब गाय के संवर्द्धन व गौ धन के विकास के लिए गौ कैबिनेट बनाने की पहल की है।

Next Story