Begin typing your search above and press return to search.
राजस्थान

बीजेपी विधायक के खिलाफ रेप का केस दर्ज, महिला का आरोप-शादी का झांसा दे कई बार किया दुष्कर्म

Janjwar Desk
5 Feb 2021 9:33 AM GMT
बीजेपी विधायक के खिलाफ रेप का केस दर्ज, महिला का आरोप-शादी का  झांसा दे कई बार किया दुष्कर्म
x
महिला ने कहा है कि कुछ साल पहले उसकी मुलाकात भाजपा विधायक प्रताप लाल भील से हुई थी, महिला ने आरोप लगाया है कि इसके बाद विधायक उसे शादी का झांसा देते हुए शारीरिक संबंध बनाते रहे..

जनज्वार। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रताप लाल भील के विरुद्ध एक महिला ने रेप का केस दर्ज कराया है। महिला ने उदयपुर के आईजी सत्यवीर सिंह को भी लिखित में यह शिकायत दी है। अब मामले की जांच सीबीसीआईडी के हवाले कर दिया गया है। प्रताप लाल भील लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए हैं।

जानकारी के अनुसार, महिला ने विधायक के खिलाफ अपनी शिकायत में पूरी घटना बताई है। महिला ने कहा है कि कुछ साल पहले एक सामाजिक कार्यक्रम में उसकी मुलाकात भाजपा विधायक प्रताप लाल भील से हुई थी।

शिकायत के अनुसार इसके बाद विधायक द्वारा मेलजाेल बढ़ाया गया। महिला ने आरोप लगाया है कि इसके बाद विधायक उसे शादी का झांसा देते हुए शारीरिक संबंध बनाते रहे।

महिला ने बयान में यह भी बताया है कि विधायक ने उदयपुर के सुखेर स्थित एक फ्लैट और नीमच में भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि इसके कुछ दिनों बाद विधायक शादी से मुकर गए। यह बात भी सामने आई है कि शिकायतकर्ता महिला पहले से शादीशुदा है।

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला मध्यप्रदेश की रहने वाली है। उसका आरोप है कि विधायक प्रताप लाल भील ने उससे शादी करने का वादा किया और इसके बाद कई बार उसके साथ रेप किया।

इसके बाद महिला ने गुरुवार को विधायक प्रताप लाल भील के खिलाफ बलात्कार के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में पुलिस का यह भी कहना है कि पीड़िता की चिकित्सकीय जांच के बाद उसका बयान दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने जानकारी भी दी है कि विधायक और आरोप लगाने वाली महिला एक ही समुदाय से हैं और कुछ वर्षों से संपर्क में थे। वहीं, महिला के आरोप पर विधायक ने कहा कि मुझे केस के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसलिए मैं इस बारे में कुछ नहीं कह सकता।

Next Story

विविध