Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

रंग में भंग : कहीं DJ में डांस तो कहीं गुझिया खिलाने को लेकर बवाल, UP के अलग-अलग जिलों में 14 की मौत

Janjwar Desk
20 March 2022 10:22 AM IST
up news
x

(यूपी में होली के दौरान रंग में भंग)

कहीं रंग डालने को लेकर विवाद हुआ तो कहीं डीजे बजाने को लेकर मारपीट हुई। रामपुर में गुझिया खिलाने को लेकर ही दो पक्ष आपस में गुत्थमगुत्था हो गये। यहां जानिए किस जिले में क्या हुआ...?

Holi Festival: रंगों के त्योहार होली में तमाम जिलों से विवाद की खबरें आईं हैं। इस दौरान कहीं रंग डालने को लेकर विवाद हुआ तो कहीं डीजे बजाने को लेकर मारपीट हुई। रामपुर (Rampur) में गुझिया खिलाने को लेकर ही दो पक्ष आपस में गुत्थमगुत्था हो गये। यहां जानिए किस जिले (Holi In Uttar Pradesh) में क्या हुआ?

प्रयागराज

प्रयागराज में रंग डालने को लेकर विवाद हो गया। यहां के खुल्दाबाद में दोहरे हत्याकांड (Double Murder) से शहर दहल उठा। रंग डालने को लेकर पहले दो पक्षों में मारपीट हुई फिर फायरिंग हो गई। इसमें भाजपा के खुल्दाबाद मंडल अध्यक्ष 35 वर्षीय दुर्गेश चौहान व पड़ोस में रहने वाले 24 वर्षीय विनोद चौहान की मौत हो गई। गोली लगने से विनोद की 22 वर्षीय बहन रानी और पड़ोसी चिंटू चौहान जख्मी हो गये।

फिरोजाबाद

फिरोजाबाद के सिरसागंज में होली के दौरान डीजे में डांस (Dance In DJ) को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद वहां खड़े एक 12 वर्षीय बालक श्यामू पुत्र रंजीत की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने तहसील मार्ग जाम कर दिया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प भी हुई। बालक के अंतिम संस्कार के समय भी ग्रामीणों और पुलिस के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई। बाद में पुलिस ने एक हत्यारोपी को गिरप्तार कर जेल भेज दिया है।

कासगंज

कासगंज के सोरों थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मिर्जापुर में शुक्रवार की देर शाम चौपाई निकालते समय दो पक्षों में जमकर संघर्ष हो गया। ईंट-पत्थर भी चले। दोनो पक्षों से दो से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने पहुँचकर मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया।

गाजीपुर

गाजीपुर की नगर कोतवाली स्थित देवकली गांव निवासी अविनाश बिंद को उसके दोस्त ने होली मिलन के बहाने बुलाया था। बाद में उसका शव खेत में मिला। कोतवाली प्रभारी विमलेश मौर्य ने बताया कि अविनाश के भाई कमलेश की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यहीं के बघाई गांव निवासी राजेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि राजेस के सिर के पिछले हिस्से में गोली मारी गई थी।

रामपुर

रामपुर के गुलड़िया कला गांव में होली मिलन समारोह के दौरान ग्रामीणों और एक अन्य में गुझिया खिलाने व डीजे में डांस करने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद धारदार हथियार चले। जिससे 24 वर्षीय छत्रपाल की मौत हो गई। मामले में तीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जौनपुर

जौनपुर के महाराजगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली सोनपुरा गांव में तेज आवाज डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद अहिरौली निवासी 36 वर्षीय राहुल सिंह उर्फ डब्बू की हत्या कर दी गई। पुलिस ने चार नामजद, एक महिला सहित 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही दो आरोपियों को गिरप्तार भी कर लिया गया है।

बरेली

बरेली के बहेड़ी में हुरियारों की टोली के बीच खुराफातियों ने कुरैशी मस्जिद में रंग फेंक दिया। जिसके बाद क्षेत्र का माहौल बिगड़ गया। गुस्साए मुसलमानों ने जुमे की नमाज के बाद नैनीताल हाईवे जाम कर दिया। एसपी देहात और एसपी सिटी से बदजुबानी करने के साथ पुलिस पार्टी पर पथराव भी किया गया। पूरे दिन चले बवाल के बाद पुलिस ने भाजपा व सपा नेताओं समेत 52 लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम किया है।

रायबरेली

रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र में एक युवक को लाठी डंडों से पीटने के बाद ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा कि रंग खेलने के दौरान छींटाकशी में यह विवाद और हत्या हुई है। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Next Story