मूर्ति विसर्जन : UP और हरियाणा में गणेश विसर्जन के दौरान 11 लोगों की मौत, मृतकों में 4 बच्चे भी शामिल

मूर्ति विसर्जन : UP और हरियाणा में गणेश विसर्जन के दौरान 11 लोगों की मौत, मृतकों में 4 बच्चे भी शामिल
UP News: उत्तर प्रदेश और हरियाणा के अलग-अलग जिलों में शुक्रवार गणेश विसर्जन के दौरान डूबने से चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। तमाम लोगों को रेस्क्यू कर बचाया भी गया। इनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में 4 युवकों की नहर में डूबने से मौत हो गई। वहीं सोनीपत जिले में भी दो युवक मूर्ति विसर्जन के दौरान यमुना नदी में बह गये। यूपी के उन्नाव और संतकबीर नगर में भी सात लोगों की डूबने से मौत हुई।
महेंद्रगढ़ की घटना के विषय में बताते हुए सिविल सर्जन ने बताया कि चार लोगों को मृत अवस्था में हॉस्पीटल लाया गया था। जानकारी के मुताबिक महेंद्रगढ़ में करीब सात फुट की मूर्ति को विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था, इसी दौरान 9 युवक पानी के तेज बहाव में बह गये। जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। रेस्क्यू ऑपरेशन में चार युवकों के शव निकाले गये। जबकि अन्य को बचा लिया गया। रेस्क्यू किये गये लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
सीएम हरियाणा मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट कर कहा महेंद्रगढ़ और सोनीपत जिलों में गणपति विसर्जन के दौरान डूबने से कई लोगों की असमय मौत की खबर दिल दहला देने वाली है। हम सभी इस कठिन समय में मृतकों परिवार के साथ खड़े हैं। एनडीआरएफ की टीम ने कई लोगों को डूबने से बचाया है, मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
वहीं दूसरी तरफ यूपी के संतकबीर नगर में भी मूर्ति विसर्जन देखने गये चार बच्चों की आमी नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना खलीलाबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कथार गांव की है। पुलिस ने मछुआरों की मदद से नदी से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार ने बताया कि चारों बच्चे जिनमें 6 साल का पौफिया, 6 साल का अजीत, 8 वर्षीय रूबी और 11 वर्षीय दीपाली विसर्जन देखने गये थे।
इसके साथ ही उन्नाव में गणेश विसर्जन के दौरान गंगा नदी में बह जाने से दो नाबालिग लड़कों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक घटना सफीपुर थाना क्षेत्र के परियार घाट की है। सदर के अनुमंडल अदिकारी अंकित शुक्ला ने बताया कि मखी गांव के नाबालिगों समेत पांच लोग जो नदी में गये थे, तेज धार की चपेट में आकर बह गये। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया, लेकिन दो लोग जिनमें 18 वर्षीय लवकेश सिंह और 16 वर्षीय प्रशांत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 15 वर्षीय विशाल की अस्पताल में इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।











