Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

उन्नाव में दो महिलाओं के शव मिलने से हड़कंप पुलिस ने पहचान के लिए जारी किया हेल्पलाइन नम्बर

Janjwar Desk
22 July 2020 1:48 PM GMT
उन्नाव में दो महिलाओं के शव मिलने से हड़कंप पुलिस ने पहचान के लिए जारी किया हेल्पलाइन नम्बर
x
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी दोनों शवों के 15 दिन से अधिक पुराने होने का अंदेशा जताया है। दोनों शव लगभग गल चुके हैं जिससे पहचान भी नहीं हो पा रही है....

मनीष दुबे की रिपोर्ट

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊ- कानपुर हाईवे से लगभग 200 मीटर दूर पड़ने वाली एक सुनसान जगह में एक साथ दो-दो महिलाओं के शव मिलने से जिला पुलिस सकते में है। बॉडी से बदबू आने पर स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तो नजारा देखकर होश उड़ गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही डॉग स्क्वायड व फील्ड यूनिट एक्सपर्ट टीम ने घटनास्थल पर सघन सर्च अभियान चलाया।

हालांकि अब तक पुलिस को घटनास्थल से कोई भी सुराग नहीं मिला है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी दोनों शवों के 15 दिन से अधिक पुराने होने का अंदेशा जताया है। दोनों शव लगभग गल चुके हैं जिससे पहचान भी नहीं हो पा रही है। फिलहाल दोनों महिलाओं की हत्या कर शव उन्नाव में फेंके जाने की बात पुलिस अधिकारियों में चर्चा का केंद्र बना है। एएसपी ने बताया कि दो महिलाओं के शव मिले हैं। अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस जांच कर रही है।

आज बुधवार 22 जुलाई की सुबह लगभग 11 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब लखनऊ- कानपुर हाईवे से सटे एक सुनसान स्थान पर झाड़ियों में दो महिलाओं के शव 50 मीटर की दूरी पर पड़े होने कि सूचना पुलिस को मिली। धीरे-धीरे खबर जंगल में आग की तरह फ़ैल गई। पुलिस अधिकारी आनन फानन मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। हाईवे किनारे दो अज्ञात महिलाओं के शव मिलने से यूपी पुलिस की चुस्ती फुर्ती की एक बार फिर पोल खुल गई।

आखिर उन्नाव पुलिस जब इतनी सजगता का दावा पेश करती है तब एक नहीं दो-दो शव कई दिन तक पड़े रहे और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। दोनों शव काफी पुराने होने से शरीर पर कई जगह मांस गायब मिला और हड्डियां दिखने लगी हैं।

वहीं एक महिला के सिर पर केवल कंकाल मिला है, उसके चेहरे का मांस खत्म है। दोनों शव बुरी तरीके से सड़ चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का सघन चेकिंग अभियान चलाया। करीब तीन घंटे तक जांच चलती रही।

बता दें कि एक महिला ने पीले रंग का कुर्ता, सलवार पहन रखा है, दूसरी महिला ने काला-लाल मिक्स रंग का कुर्ता व सलवार पहन रखा है। एक महिला के हाँथ में SRMP लिखा हुआ है। पुलिस ने हेल्प लाइन नंबर जारी कर लोगों से पहचान बताने की अपील की है। एएसपी नॉर्थ वीके पांडेय ने बताया कि दो महिलाओं के शव मिले हैं। दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

Janjwar Desk

Janjwar Desk

    Next Story

    विविध